राजस्थान: ड्रोन से नशीली दवाओं की तस्करी में पाकिस्तान का सीधा हाथ, DGP बोले- नेटवर्क तोड़ा, अकाउंट सीज
भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हो रही नशीली दवाओं की तस्करी के पीछे पाकिस्तान का सीधा हाथ होने की बात सामने आई है। राजस्थान पुलिस ने एक लंबे अनुसंधान के बाद इस नेटवर्क का खुलासा किया है। समाचार…
भारत-पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के जरिए हो रही नशीली दवाओं की तस्करी के पीछे पाकिस्तान का सीधा हाथ होने की बात सामने आई है। राजस्थान पुलिस ने एक लंबे अनुसंधान के बाद इस नेटवर्क का खुलासा किया है। समाचार एजेंसी IANS से बातचीत में पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव शर्मा ने बताया कि इस मामले में कई अहम लिंक ट्रेस किए गए हैं, संदिग्धों की पहचान हुई है और अवैध फंडिंग से जुड़े बैंक खातों को भी जब्त कर लिया गया है।
डीजीपी शर्मा ने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय सुरक्षा से किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस पर कोई समझौता नहीं हो सकता। उन्होंने कहा, "जो सीमा पार से ड्रोन के माध्यम से तस्करी हो रही है, उसमें पाकिस्तान की संलिप्तता सामने आई है। जिन-जिन केस में इस तरह की गतिविधि सामने आ रही है, उनमें शामिल लोगों को नामजद किया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"
लंबी जांच के बाद मिली सफलता
इस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए पुलिस काफी समय से प्रयास कर रही थी। DGP के मुताबिक, सीमा पार से आने वाले ड्रोन्स और उनके द्वारा गिराए गए पैकेट्स की पूरी जानकारी जुटाई गई। इसके बाद गहन जांच के जरिए उन स्थानीय लोगों का भी पता लगाया गया जो इस काम में सहयोग कर रहे थे। उन्होंने इसे एक लंबा अनुसंधान बताते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों के खिलाफ पुलिस पूरी ताकत से जुटी हुई है और कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
सीमा पर अतिक्रमण के खिलाफ भी कार्रवाई
डीजीपी राजीव शर्मा ने यह भी जानकारी दी कि केंद्रीय गृह मंत्री के निर्देशों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में हुए अतिक्रमणों को भी चिन्हित किया जा रहा है। इन अतिक्रमणों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है, जो कुछ जगहों पर पूरी हो चुकी है और कुछ अन्य स्थानों पर अभी जारी है।
इनपुट: IANS



