वैश्विक संकटों के बीच 'ग्लोबल साउथ' को एकजुट होने की ज़रूरत: एस. जयशंकर
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 'ग्लोबल साउथ' के देशों से आपसी एकजुटता को और मज़बूत करने का आह्वान किया है, ताकि उन संकटों की चुनौतियों का सामना किया जा सके जिनका उन पर सबसे बुरा असर पड़ रहा है…
भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने 'ग्लोबल साउथ' के देशों से आपसी एकजुटता को और मज़बूत करने का आह्वान किया है, ताकि उन संकटों की चुनौतियों का सामना किया जा सके जिनका उन पर सबसे बुरा असर पड़ रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र में भारत द्वारा बुलाई गई 'ग्लोबल साउथ' के समान विचार वाले देशों और सहयोगियों की एक उच्च-स्तरीय बैठक में उन्होंने यह बात कही।
जयशंकर ने इस बात पर ज़ोर दिया कि 'ग्लोबल साउथ' के लिए एकजुटता दिखाने का इससे महत्वपूर्ण समय पहले कभी नहीं रहा। उन्होंने कहा कि बदलाव और सशक्तीकरण के लिए यह एकजुटता ज़रूरी है, क्योंकि "आज ग्लोबल साउथ भले ही वैश्विक संकटों का सामना करने में सबसे आगे हो, लेकिन फैसले लेने की प्रक्रिया में वह पीछे है।"
फैसला लेने में भागीदारी की ज़रूरत
विदेश मंत्री ने स्पष्ट किया कि 'ग्लोबल साउथ' को उन निर्णय लेने वाली संरचनाओं का हिस्सा बनना होगा जो सीधे उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करती हैं। उन्होंने ज़ोर देकर कहा कि एक साथ कई वैश्विक संकटों के प्रभाव से बचने के लिए इन देशों के बीच बेहतर आर्थिक सहयोग बेहद ज़रूरी है।
आर्थिक और तकनीकी आत्मनिर्भरता
उन्होंने कई ऐसे प्रमुख क्षेत्रों की पहचान की जहाँ 'ग्लोबल साउथ' के देशों को कार्रवाई करने की आवश्यकता है। जयशंकर ने कहा कि इन देशों को "निष्पक्ष आर्थिक और व्यापारिक तौर-तरीकों" के लिए काम करना चाहिए, ताकि वे सिर्फ़ उपभोक्ता बनकर न रह जाएँ और उनकी उत्पादन क्षमताएँ बढ़ें। उन्होंने कहा, "औद्योगीकरण के हमारे अधिकार से हमें वंचित नहीं किया जाना चाहिए।"
इसके अलावा, उन्होंने टेक्नोलॉजी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए 'ग्लोबल नॉर्थ' (विकसित देशों) पर निर्भरता कम करने का सुझाव दिया। जयशंकर ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को 'इंसान-केंद्रित' रहना चाहिए और ग्लोबल साउथ के सदस्यों को अपने यहाँ विकसित किए गए टूल्स और ढाँचे एक-दूसरे के साथ साझा करने चाहिए।
अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्र
अपने संबोधन में विदेश मंत्री ने खाद्य सुरक्षा की चुनौतियों, विशेषकर अनाज और उर्वरक की आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं का "तेजी से समाधान" करने की बात कही। उन्होंने यह भी कहा कि सप्लाई चेन, फाइनेंस या कनेक्टिविटी में 'अवरोध पैदा करने वाले बिंदुओं' को सही नहीं ठहराया जा सकता और अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्र को सभी के लिए सुरक्षित बनाया जाना चाहिए।
इनपुट: IANS



