बंगाल: न्यायिक अधिकारियों पर हमले का मामला, NIA ने तृणमूल विधायक सबीना यास्मीन को पूछताछ के लिए बुलाया
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक सबीना यास्मीन को तलब किया है…
पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में न्यायिक अधिकारियों पर हुए हमले के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए स्थानीय तृणमूल कांग्रेस विधायक सबीना यास्मीन को तलब किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, उन्हें 24 सितंबर को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है। सबीना यास्मीन मालदा की सुजापुर विधानसभा सीट से विधायक हैं।
यह मामला इसी साल अप्रैल महीने का है, जब विधानसभा चुनाव से पहले चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान यह हमला हुआ था। उस समय, न्यायिक अधिकारियों की एक टीम मालदा के कालियाचक-II ब्लॉक के मोथाबारी स्थित बीडीओ कार्यालय में काम कर रही थी।
हिंसक भीड़ ने बनाया था बंधक
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एक हिंसक भीड़ ने न केवल न्यायिक अधिकारियों पर हमला किया, बल्कि उन्हें कई घंटों तक दफ्तर में बंधक भी बनाए रखा। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-12 को जाम कर दिया था। जब पुलिस ने अधिकारियों को बचाने की कोशिश की, तो उनके वाहनों पर भी हमला किया गया।
इस घटना के बाद तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार की चौतरफा आलोचना हुई थी। हालांकि, पार्टी के एक धड़े ने इसे उन लोगों का गुस्सा बताया था जिनके नाम एसआईआर प्रक्रिया के दौरान सूची से हटा दिए गए थे।
मामले में अब तक की कार्रवाई
NIA ने इस मामले की जांच अपने हाथ में लेने के बाद अब तक 12 केस दर्ज किए हैं। एजेंसी इससे पहले दो चार्जशीट भी दाखिल कर चुकी है, जिनमें कुल 23 लोगों को आरोपी बनाया गया है। आरोपियों पर हत्या का प्रयास, सरकारी काम में बाधा डालने और कर्मचारियों पर हमला करने जैसी गंभीर धाराओं में आरोप तय किए गए हैं। गौरतलब है कि एनआईए ने सबीना यास्मीन से पहले उनके पति महबूब आलम को भी इसी मामले में पूछताछ के लिए बुलाया था।
इनपुट: IANS



