शादी के नाम पर कुंवारों से लाखों की ठगी, दिल्ली पुलिस ने पति-पत्नी समेत तीन को दबोचा
शादी का झांसा देकर कुंवारे पुरुषों से लाखों रुपये ठगने वाले एक गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो शादीशुदा महिला को कुंवारी
शादी का झांसा देकर कुंवारे पुरुषों से लाखों रुपये ठगने वाले एक गिरोह का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में एक पति-पत्नी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो शादीशुदा महिला को कुंवारी बताकर उसकी फर्जी शादी कराते थे और फिर नकदी व कीमती सामान लेकर फरार होने की फिराक में रहते थे।
समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस पूरे गोरखधंधे का खुलासा एक गुमशुदगी की रिपोर्ट से हुआ। 18 जून को दिल्ली के ख्याला थाने में लवली उर्फ ललिता नाम की महिला के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने जब जांच शुरू की तो मामला कुछ और ही निकला।
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज़
जांच के लिए गठित पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी की मदद से पाया कि लापता महिला राजस्थान के पाली जिले में रह रही है। जब पुलिस टीम वहां पहुंची तो पूछताछ में लवली ने जो बताया, उससे पुलिस भी हैरान रह गई। उसने कबूल किया कि उसकी शादी 18 साल पहले कमल लोहरा से हो चुकी है और उनके चार बच्चे भी हैं।
लवली ने बताया कि वह अपने पति कमल और दीपू उर्फ राकेश एक्का, अंकित वर्मा, दीपिका व गोपाल जैसे साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गिरोह चला रही थी। उनका निशाना ऐसे कुंवारे पुरुष होते थे जो शादी के लिए लड़की ढूंढ रहे हों।
कैसे काम करता था यह गिरोह?
आरोपियों ने इसी साल 1 जून को राजस्थान के जालौर में रहने वाले श्रवण वैष्णव से लवली की शादी कराई थी। इसके लिए गिरोह ने श्रवण से 6 लाख रुपये वसूले, जिसे बाद में आपस में बांट लिया। पुलिस ने बताया कि उनकी योजना शादी के बाद मौका देखकर ससुराल से नकदी और दूसरे कीमती सामान लेकर भाग जाने की थी।
पीड़ित की शिकायत और जांच में मिले सबूतों के आधार पर 29 जून को ख्याला थाने में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस ने झारखंड के गुमला निवासी लवली और उसके पति कमल लोहरा के साथ-साथ दिल्ली के रघुबीर नगर के रहने वाले दीपू उर्फ राकेश एक्का को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। अब इस बात की जांच की जा रही है कि गिरोह के बाकी सदस्य कहां हैं और क्या उन्होंने दूसरे राज्यों में भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है।
इनपुट: IANS



