गुजरात: जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़, ATS ने 8 संदिग्धों को किया गिरफ्तार
गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एटीएस ने गुजरात औ
गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, एटीएस ने गुजरात और मध्य प्रदेश में दबिश देकर कुल आठ संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिन पर राज्य में आतंकी संगठन का नेटवर्क खड़ा करने की साजिश रचने का आरोप है।
गुरुवार को एटीएस पुलिस स्टेशन में इन सभी के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। अधिकारियों ने दावा किया है कि ये सभी आरोपी जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम कर रहे थे और गुजरात में संगठन की आतंकी गतिविधियों को आगे बढ़ाने की फिराक में थे।
कौन हैं गिरफ्तार आरोपी?
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अलग-अलग जगहों से हुई है। इनमें बनासकांठा के पालनपुर से अहमद अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू उबैदा (19), इब्राहिम मोहम्मद हुसैन घाघा उर्फ अबू हमजा (30) और मुदस्सिर अब्दुल्ला गाजीवाला उर्फ अबू आया (22) शामिल हैं।
पाटन जिले के सिद्धपुर स्थित मदरसे से जकारिया दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ जकारिया पालनपुरी (21) और मुफ्ती फौजान इस्माइल दौवा उर्फ मुफ्ती साहब (40) को पकड़ा गया। वहीं, मोहम्मद अमीन शेरा उर्फ अमीन पालनपुरी (21), नवसारी के मदरसे से मोहम्मद अब्दुल रहमान सावदी उर्फ मोहम्मद पालनपुरी (22) और मध्य प्रदेश के देवास से बिलाल दुरानी मोहम्मद अम्मार घाघा उर्फ अबू दुजाना (18) को भी गिरफ्तार किया गया है।
जांच जारी, और गिरफ्तारियां संभव
एटीएस के अनुसार, मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है और गिरफ्तार लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस पूछताछ के आधार पर आतंकी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जाएगी, जिससे और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
गौरतलब है कि गुजरात एटीएस हाल के वर्षों में आतंकवाद के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी साल जनवरी में नवसारी से यूपी के एक 22 वर्षीय युवक को जिहादी साहित्य और हथियारों के साथ पकड़ा गया था, जिसके तार भी जैश-ए-मोहम्मद जैसे संगठनों से जुड़े पाए गए थे। पिछले साल नवंबर में भी गांधीनगर से ISIS के तीन संदिग्धों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
इनपुट: IANS



