हाफिज सईद के खिलाफ नया गैर-जमानती वारंट, भारत लाने की मांग तेज
लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ जम्मू की एक एनआईए अदालत ने नया गैर-जमानती वारंट जारी किया है। सईद पर कश्मीर में आतंकवादियों को हथियार, धन और निर्देश मुहैया कराने के गंभीर आरोप हैं। समाचार…
लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ जम्मू की एक एनआईए अदालत ने नया गैर-जमानती वारंट जारी किया है। सईद पर कश्मीर में आतंकवादियों को हथियार, धन और निर्देश मुहैया कराने के गंभीर आरोप हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, पिछले दो महीनों में यह दूसरा मौका है जब सईद के खिलाफ इस तरह का वारंट जारी हुआ है, जिसके बाद विभिन्न नेताओं और पूर्व पुलिस अधिकारियों ने उसे भारत लाकर कानून के हवाले करने की मांग उठाई है।
नेताओं ने की फांसी की मांग
इस अदालती कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने हाफिज सईद को भारत में हुए कई आतंकी हमलों का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा, "मुंबई से लेकर कश्मीर में जितने भी हमले हुए, ज्यादातर में हाफिज सईद का हाथ रहा। कश्मीरी लड़कों को आतंकी बनाने में हाफिज सईद का बड़ा हाथ है। हम कह सकते हैं कि उसने भारत के खिलाफ एक जंग छेड़ रखी थी।" ठाकुर ने इस वारंट को एक 'बहुत अच्छा कदम' बताते हुए कहा, "हाफिज सईद को लाकर जम्मू-कश्मीर के लाल चौक में फांसी देनी चाहिए।" उन्होंने सईद, मसूद अजहर और सैयद सलाहुद्दीन को आतंकियों का तीन मुख्य सरगना बताया, जिन्होंने जम्मू-कश्मीर को दहलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
पूर्व पुलिस अधिकारियों की राय
जम्मू-कश्मीर पुलिस के पूर्व महानिदेशक (डीजीपी) कुलदीप खोडा ने आतंकवाद में लश्कर-ए-तैयबा की पुरानी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, "आतंकवाद के शुरुआती दिनों से ही लश्कर-ए-तैयबा इसमें शामिल रहा है... लश्कर-ए-तैयबा 1992 से ही सक्रिय है और हाफिज सईद हमेशा से इसका मुख्य चेहरा रहा है।" खोडा के मुताबिक, लश्कर की सभी आतंकी गतिविधियां पाकिस्तानी सेना और आईएसआई के समर्थन से की गई हैं। उन्होंने सईद को युवाओं का ब्रेनवॉश कर आतंक के रास्ते पर धकेलने वाला मुख्य किरदार बताया और कहा कि यह वारंट वैश्विक स्तर पर एक संदेश है कि भारत बार-बार उसकी मांग कर रहा है, लेकिन पाकिस्तान उसे सौंप नहीं रहा है।
एक अन्य पूर्व डीजीपी, एस.पी. वैद ने भी एनआईए की कार्रवाई का समर्थन किया। उन्होंने कहा, "उसने भारत में कुकर्म किए हैं। एनआईए जो भी कर रही है, वह बिल्कुल सही कर रही है। उसके खिलाफ तो सैकड़ों वारंट होने चाहिए।"
इनपुट: IANS



