चेन्नई हत्याकांड: सूटकेस में मिले शव के टुकड़ों से सुलझी गुत्थी, मणिपुर से दंपति गिरफ्तार
चेन्नई के पास हुई एक महिला की नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस की एक विशेष टीम ने मणिपुर से एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिन पर हत्या के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े करने का…
चेन्नई के पास हुई एक महिला की नृशंस हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस मामले में पुलिस की एक विशेष टीम ने मणिपुर से एक दंपति को गिरफ्तार किया है, जिन पर हत्या के बाद शव के टुकड़े-टुकड़े करने का आरोप है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश में शव के कुछ हिस्सों को बिरयानी के बर्तन में सब्जियों और मैदे के साथ पकाया भी था।
मृतका की पहचान हैथुल निशा के रूप में हुई है, जो तांबरम के पास एक निजी कंपनी में काम करती थीं। इस पूरे मामले का खुलासा तब हुआ जब आगरा रेलवे स्टेशन पर तमिलनाडु एक्सप्रेस से एक लावारिस सूटकेस बरामद किया गया। सूटकेस खोले जाने पर उसमें महिला के शरीर के कटे हुए अंग मिले, जिससे हड़कंप मच गया।
कैसे हुई आरोपियों की पहचान
पुलिस की जांच सूटकेस के अंदर मिले एक प्लास्टिक कवर से आगे बढ़ी, जिस पर चेन्नई की एक प्रसिद्ध टेक्सटाइल कंपनी का नाम छपा था। इसी सुराग के आधार पर जांच का केंद्र चेन्नई बन गया। पुलिस ने चेन्नई और आसपास के 350 से ज़्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज से पता चला कि एक दंपति गुडुवांचरी जाने से पहले ट्रेन में वह सूटकेस रखकर चला गया था।
इसके बाद पुलिस गुडुवांचरी में उस किराए के मकान तक पहुंची, जहां यह दंपति रहता था। वहां पुलिस को शव के बाकी हिस्से मिले। जांच में यह भी पता चला कि शव के कुछ हिस्सों को पकाने के बाद बाकी टुकड़ों को सूटकेस में पैक करके ट्रेन से भेज दिया गया था ताकि जांच को भटकाया जा सके, और दंपति खुद फरार हो गया था।
हत्या की वजह और गिरफ्तारी
पुलिस की विशेष टीम ने सबसे पहले ओडिशा निवासी 22 वर्षीय माणिक लस्कर को मणिपुर से गिरफ्तार किया, जो हत्या के बाद वहां छिपा हुआ था। बाद में उसकी पत्नी भागमती माझी को भी मणिपुर से ही पकड़ लिया गया।
शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि मृतक हैथुल निशा और आरोपी माणिक लस्कर काम के दौरान एक-दूसरे के संपर्क में आए थे और उनके बीच अवैध संबंध बन गए थे। जब माणिक की पत्नी भागमती को इस रिश्ते का पता चला तो उसने इसका विरोध किया, जिसके कारण विवाद बढ़ गया। इसके बाद दंपति ने मिलकर हैथुल निशा की हत्या की योजना बनाई। पुलिस गिरफ्तार दंपति से आगे की पूछताछ कर रही है।
इनपुट: IANS



