Delhi Weather: फरवरी में दिल्ली @35 डिग्री… आज गर्मी फिर बना सकती है नया रेकॉर्ड
स्काईमेट के महेश पलावत के अनुसार, एक पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पहाड़ों की ओर बढ़ रहा है। मौसम की गतिविधि पहाड़ियों और पंजाब, हरियाणा के कुछ उत्तरी हिस्सों तक ही सीमित है। हवा के पैटर्न में उलटफेर और दिल्ली के आसपास इनकी गति में गिरावट की वजह से यह गर्मी बढ़ रही है। दो दिन बाद तापमान में मामूली कमी हो सकती है। 24 फरवरी से तापमान फिर से बढ़ेगा। वहीं, प्राइवेट वेदर एक्सपर्ट नवदीप दहिया ने बताया कि मंगलवार को तापमान एक नया रेकॉर्ड बना सकता है। इसके बाद बढ़ते तापमान पर कुछ समय के लिए ब्रेक लग सकता है।
गेहूं की फसल पर पड़ेगा असर!
कृषि विशेषज्ञ डॉ. सुधीर यादव कहते हैं कि बढ़ते तापमान का कारण गेहूं का दाने का साइज कम होगा। इस समय जो गर्मी पड़ रही है, वह गेहूं की फसल के लिए ठीक नहीं है। विशेषज्ञ कहते हैं कि अभी कितना नुकसान होगा, इसका आकलन तो अभी नहीं किया जा सकता लेकिन पैदावार जरूर प्रभावित होगी। केंद्र सरकार ने गेहूं की फसल पर तापमान में बढ़ोतरी के प्रभाव की निगरानी के लिए एक समिति का गठन किया है। यह कहा जा रहा है कि मध्य प्रदेश को छोड़कर प्रमुख गेहूं उत्पादक क्षेत्रों में अधिकतम तापमान फरवरी के पहले हफ्ते के दौरान पिछले सात वर्षों के औसत से अधिक था।
गर्मी अभी दूर है, फिर क्यों तप रही फरवरी
गर्मी बढ़ रही है, लेकिन प्रदूषण बेहद खराब स्तर पर
गर्मी का प्रकोप बढ़ रहा है, लेकिन प्रदूषण में कमी नहीं आ रही है। चार दिन पहले तक फरवरी में बेहद खराब दिन थे ही नहीं, लेकिन पिछले चार दिनों से राजधानी में प्रदूषण का स्तर बेहद खराब स्तर पर बना हुआ है। आगे भी अभी तीन से चार दिन प्रदूषण स्तर बेहद खराब रहने की संभावना है। सीपीसीबी के आकलन के अनुसार, अब तक इस साल फरवरी में चार दिन प्रदूषण बेहद खराब स्तर पर रहा है। 17 से 20 फरवरी तक यह बेहद खराब स्तर पर ही है। जबकि एक भी दिन प्रदूषण संतोषजनक स्तर पर नहीं रहा। 2022 में पूरी फरवरी में चार दिन प्रदूषण बेहद खराब के स्तर पर रहा था। वहीं, एक दिन प्रदूषण का स्तर संतोषजनक भी रहा था।
आईआईटीएम पुणे के अनुसार, 21 फरवरी को प्रदूषण में थोड़ा सा सुधार होगा, लेकिन यह बेहद खराब स्तर पर ही रहेगा। इसके बाद 22 और 23 फरवरी को प्रदूषण के स्तर में इजाफा होगा, लेकिन यह बेहद खराब स्तर पर ही रहेगा। इसके बाद भी अगले छह दिनों तक यह खराब से बेहद खराब के स्तर पर रहेगा। 20 फरवरी को दक्षिणपूर्वी हवा चली और इनकी रफ्तार कुछ मौकों पर आठ किलोमीटर प्रति घंटे की भी रही। 21 फरवरी को हवाओं की रफ्तार 4 से 8 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहेगी।




