दिल्ली: नकली दवाओं के खिलाफ बड़ा अभियान, तीन महीने में 272 उल्लंघन और 8 FIR दर्ज
दिल्ली में नकली, जाली और अवैध दवाओं के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सरकार ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले तीन महीनों में राजधानी के स्वास्थ्य विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी और निरीक्षण किए हैं…
दिल्ली में नकली, जाली और अवैध दवाओं के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सरकार ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पिछले तीन महीनों में राजधानी के स्वास्थ्य विभाग ने ताबड़तोड़ छापेमारी और निरीक्षण किए हैं, जिसमें बड़े पैमाने पर उल्लंघन पाए गए और कई मामलों में कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह अभियान मुख्यमंत्री के नेतृत्व में चलाया जा रहा है ताकि दिल्लीवासियों को केवल सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण दवाएं ही मिलें।
स्वास्थ्य विभाग के ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने इस अवधि में कुल 569 निरीक्षण किए। इन जांचों में 272 मामलों में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 के प्रावधानों का उल्लंघन पाया गया। इसमें चिंता की बात यह है कि 86 मामले सीधे तौर पर आदत बनाने वाली और मनोप्रभावी (साइकोट्रॉपिक) दवाओं से जुड़े थे।
छापेमारी, जब्त दवाएं और कानूनी कार्रवाई
विभाग ने कार्रवाई के दौरान 433 कानूनी नमूने और 43 स्पेसिमेन नमूने जांच के लिए एकत्र किए। इनमें से 26 नमूने नकली या जाली पाए गए। इसके अलावा, 3,673 सर्वे सैंपल और 30 कॉस्मेटिक सैंपल भी लिए गए, जिनमें से दो गुणवत्ता के मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इन उल्लंघनों के आधार पर कुल आठ मामलों में अभियोजन की कार्रवाई शुरू की गई है। इनमें छह मामले नकली दवाओं के कारोबार से और दो बिना लाइसेंस के दवाएं व मेडिकल उपकरण बेचने से संबंधित हैं। इसके अतिरिक्त, दिल्ली पुलिस और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) के साथ मिलकर की गई संयुक्त छापेमारी में एनडीपीएस एक्ट के तहत छह अलग एफआईआर भी दर्ज की गईं।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- 'जीरो टॉलरेंस' नीति
दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा, "दिल्ली के हर नागरिक का स्वास्थ्य और सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। नकली, जाली और बिना अनुमति वाली दवाओं की बिक्री, भंडारण और वितरण के प्रति सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति है।" उन्होंने बताया कि अवैध दवा कारोबार पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण, सैंपलिंग और दिल्ली पुलिस व एनसीबी के साथ संयुक्त छापेमारी जैसी बहुआयामी रणनीति अपनाई जा रही है।
हाल ही में एक बड़ी कार्रवाई में, ड्रग्स कंट्रोल विभाग ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की साइबर सेल के साथ मिलकर दरियागंज में करीब 13.29 लाख रुपए की संदिग्ध अवैध दवाएं जब्त कीं। एक गुप्त सूचना पर पदम चंद मार्ग के पास एक वैगनआर कार से ये दवाएं बरामद हुईं और एक व्यक्ति को पकड़ा गया। विभाग ने जांच के लिए नमूने लेकर बाकी स्टॉक को जब्त कर लिया है। मंत्री ने कहा कि अवैध सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय और मजबूत किया जाएगा।
इनपुट: IANS



