यौन उत्पीड़न का आरोपी भगोड़ा UAE से भारत लाया गया, CBI और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
दिल्ली पुलिस द्वारा यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित भगोड़े सजीर पल्ली मूप्पम को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, केंद्रीय…
दिल्ली पुलिस द्वारा यौन उत्पीड़न के एक मामले में वांछित भगोड़े सजीर पल्ली मूप्पम को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से सफलतापूर्वक भारत प्रत्यर्पित कर लिया गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI), विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस के समन्वित प्रयासों से यह कार्रवाई संभव हुई। आरोपी को लेकर दिल्ली पुलिस की एक टीम बुधवार को नई दिल्ली पहुंची।
मूप्पम के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से 'रेड नोटिस' जारी किया गया था, जिसके बाद उसे UAE में गिरफ्तार किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर यूएई के अधिकारियों ने उसे भारतीय अधिकारियों को सौंप दिया।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला एक 20 वर्षीय युवती के यौन उत्पीड़न से जुड़ा है। आरोप है कि सजीर पल्ली मूप्पम ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवती को जबरन नशीला पदार्थ दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां उसने पीड़िता का यौन उत्पीड़न किया। पुलिस से बचने के लिए उसने होटल में चेक-इन करते समय किसी और व्यक्ति के पहचान पत्र का इस्तेमाल किया था।
बाद में मेडिकल और फोरेंसिक जांच में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई। इस मामले में संबंधित अदालत में पहले ही आरोप-पत्र (चार्जशीट) दाखिल किया जा चुका है।
एजेंसियों का समन्वय और सफलता
इस केस में दिल्ली पुलिस के अनुरोध पर CBI ने इंटरपोल के ज़रिए आरोपी के ख़िलाफ़ 'रेड नोटिस' जारी करवाया था। CBI भारत में इंटरपोल के लिए 'नेशनल सेंट्रल ब्यूरो' के रूप में काम करती है और विदेशी एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित करती है। इसी नोटिस के आधार पर NCB-नई दिल्ली के अनुरोध पर यूएई के अधिकारियों ने आरोपी का पता लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया था। आंकड़ों के मुताबिक, 2019 से अब तक विदेशी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के सहयोग से 278 से ज़्यादा वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया जा चुका है।
इनपुट: IANS



