बुधवार, 4 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

मयूर विहार: स्कूल में अचानक गिरी 9 साल की बच्ची, अस्पताल ने मृत घोषित किया

दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में नौ साल की एक छात्रा की कक्षा में अचानक गिरने से मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर…

मयूर विहार: स्कूल में अचानक गिरी 9 साल की बच्ची, अस्पताल ने मृत घोषित किया
(फोटो: IANS)

दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक स्कूल में नौ साल की एक छात्रा की कक्षा में अचानक गिरने से मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, बच्ची को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शुरुआती जांच शुरू कर दी है और मौत के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

विज्ञापन

यह दुखद घटना पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह हुई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, उन्हें सुबह करीब 9:52 बजे एक पीसीआर कॉल के जरिए इसकी सूचना मिली। कॉलर ने बताया कि बच्ची को निर्माण विहार के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसे 'ब्रॉट डेड' घोषित कर दिया गया।

CCTV फुटेज और शुरुआती जांच

पुलिस टीम ने तुरंत मामले की जांच शुरू की और कक्षा में लगे CCTV कैमरों की फुटेज को खंगाला। फुटेज में बच्ची अचानक जमीन पर गिरती हुई दिखाई दे रही है। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी भी तरह की आपराधिक साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, आगे की जांच जारी है और बच्ची के माता-पिता व स्कूल प्रशासन के बयान दर्ज किए जाएंगे।

पिछले महीने भी हुई थी एक छात्रा की मौत

गौरतलब है कि पिछले महीने भी पूर्वी दिल्ली के कृष्णा नगर इलाके में स्थित सर्वोदय बाल/बालिका विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक छात्रा की मौत का मामला सामने आया था। स्कूल परिसर में गार्ड रूम के पीछे 18 वर्षीय छात्रा का जला हुआ शव मिला था, जिसके बाद अधिकारियों ने जांच शुरू की थी। शुरुआती जांच में छात्रा के स्कूल बैग से कुछ सामग्री बरामद हुई थी।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →