अमृतसर गोलीकांड: पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर कांग्रेस का AAP सरकार पर तीखा हमला
पंजाब के अमृतसर में हुई एक जानलेवा गोलीबारी की घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला…
पंजाब के अमृतसर में हुई एक जानलेवा गोलीबारी की घटना के बाद राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी की सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई है। कांग्रेस ने इस मुद्दे पर भगवंत मान सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा है कि प्रदेश में गुंडागर्दी चरम पर है और सरकार कुंभकर्ण की नींद सो रही है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह मामला अमृतसर के जंडियाला गुरु कस्बे के नवां पिंड गांव का है। मंगलवार देर रात हुई गोलीबारी में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया, जो अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
कांग्रेस ने सरकार को घेरा
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखविंदर सिंह डैनी बंडाला ने कहा, "पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से खत्म हो चुकी है।" उन्होंने जंडियाला गुरु की घटना का जिक्र करते हुए बताया कि जिस तरह 12-14 राउंड फायरिंग कर एक लड़के को मौत के घाट उतारा गया और दूसरा अस्पताल में है, यह पंजाब सरकार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
बंडाला ने आरोप लगाया कि पंजाब में दिन-दहाड़े बैंक डकैती, फिरौती और गुंडागर्दी चरम पर पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा, "जो कल पुलिस थाने के बिल्कुल दरवाजे के सामने उन दो नौजवानों के ऊपर गोलियां दागी जाती हैं, जिससे पूरा इलाका उस वारदात को लेकर बुरी तरीके से दहल गया है। लोगों के अंदर दहशत और डर का माहौल है।"
स्थानीय विधायक पर भी निशाना
कांग्रेस नेता ने स्थानीय विधायक और मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा, "खास करके यहां के विधायक और मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ जो कुंभकर्ण की नींद में सोए हुए हैं... उनके क्षेत्र में क्या घटनाएं घट रही हैं।" बंडाला ने याद दिलाया कि कुछ दिन पहले जंडियाला शहर में बैंक डकैती हुई थी और 10 दिन पहले एक 14 साल के उभरते खिलाड़ी की हत्या कर दी गई थी।
भगवंत मान सरकार के दावों को झूठा बताते हुए उन्होंने कहा कि अगर मौजूदा विधायक और मंत्री अपनी जिम्मेदारी नहीं निभा सकते तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए। बंडाला ने जोर देकर कहा कि हर सरकार की पहली प्राथमिकता नागरिकों को सुरक्षित माहौल देना होती है, जिसमें यह सरकार बुरी तरह नाकाम रही है।
इनपुट: IANS



