कोयंबटूर: सड़क पर खड़े टैंकर से टकराई कार, एक ही परिवार के चार समेत पांच लोगों की मौत
तमिलनाडु के कोयंबटूर में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार पोलाची-उदुमलपेट हाईवे पर सड़क के बीच…
तमिलनाडु के कोयंबटूर में रविवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा तब हुआ जब उनकी कार पोलाची-उदुमलपेट हाईवे पर सड़क के बीच में खड़े एक पानी के टैंकर से जा टकराई। मृतकों में एक ही परिवार के चार लोग शामिल हैं।
यह घटना रविवार दोपहर करीब 1 बजे गोमंगलम थाना क्षेत्र के पास नल्लामपल्ली पिरिवु में हुई। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मारुति सेलेरियो कार में सवार ये सभी लोग राष्ट्रीय राजमार्ग-83 (NH-83) से गुज़र रहे थे। उसी दौरान उनकी तेज रफ़्तार गाड़ी सड़क पर पौधों को पानी देने के लिए खड़े एक पानी के टैंकर से टकरा गई।
टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर ही हुई मौत
टक्कर बेहद जोरदार थी, जिसके कारण कार में बैठे सभी पांचों लोगों को गंभीर चोटें आईं और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान कोयंबटूर के मदुक्कराई मार्केट स्थित एमएलए स्ट्रीट के रहने वाले कनगराज, पूर्णाणी, नर्मथा और आरती के रूप में हुई है। पांचवें मृतक रमन (35) भी मदुक्कराई के ही निवासी थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलते ही कोयंबटूर के पुलिस अधीक्षक समेत कई वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मुआयना किया। गोमंगलम पुलिस ने इस संबंध में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और दुर्घटना के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए पोलाची के सरकारी अस्पताल भेज दिया गया है।
इनपुट: IANS



