बेंगलुरु: महिला के पीजी में घुसकर निजी सामान चुराने और आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में युवक गिरफ़्तार
बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में रहने वाली महिला के कमरे में घुसकर उसके निजी सामान के साथ आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ़्तार किया है। समाचार…
बेंगलुरु के कोरमंगला इलाके में एक पेइंग गेस्ट (PG) आवास में रहने वाली महिला के कमरे में घुसकर उसके निजी सामान के साथ आपत्तिजनक हरकत करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ़्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी की पहचान गिरिराज डी के तौर पर हुई है, जो उसी 'जोलो हेजल' नामक पीजी में रहता था जहाँ पीड़ित महिला भी रहती थी।
पुलिस में दर्ज अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि वह पिछले तीन महीनों से पीजी की पहली मंजिल पर रह रही थी। 24 अगस्त की सुबह करीब 7:21 बजे जब वह और उसकी रूममेट तृप्ति सिंह कमरे को बिना लॉक किए बाहर गई थीं, तभी आरोपी उनके कमरे में घुस गया।
सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान
आरोप है कि गिरिराज ने महिला के निजी सामान, जिनमें उसके अंडरगारमेंट्स और पांच सैनिटरी पैड शामिल थे, उन्हें चुराकर अश्लील और आपत्तिजनक तरीके से व्यवस्थित कर दिया। बाद में जब महिला ने पीजी के सीसीटीवी फुटेज की जाँच की, तो उसमें आरोपी को कमरे में घुसते और यह हरकत करते हुए देखा गया। फुटेज के आधार पर ही पुलिस ने उसी पीजी में रहने वाले गिरिराज की पहचान की।
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसी दिन सुबह करीब 6:50 बजे दोबारा उनके कमरे में घुसने की कोशिश की थी। इसके बाद उन्होंने कोरमंगला पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने इन धाराओं में दर्ज किया केस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी गिरिराज को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), 2023 की धारा 78(2), 79, 305(ए) और 329(4) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की आगे की जांच जारी है।
इनपुट: IANS



