अहमदाबाद पटाखा फैक्ट्री हादसा: केंद्र और गुजरात सरकार का ऐलान, मृतकों के परिजनों को मिलेंगे 6-6 लाख
गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री हादसे के पीड़ितों के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर गहरा दुख…
गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण पटाखा फैक्ट्री हादसे के पीड़ितों के लिए केंद्र और राज्य सरकार ने मुआवजे का ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को कुल 6 लाख रुपये की सहायता राशि मिलेगी।
शनिवार को अहमदाबाद के वस्त्राल इलाके में रामोल-गतराड मार्ग पर स्थित एक पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में ज़ोरदार धमाके के बाद आग लग गई थी। इस दर्दनाक घटना में अब तक 5 लोगों की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है, जबकि लगभग 15 लोग घायल हुए हैं, जिनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।
सरकार की ओर से राहत का ऐलान
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने सोशल मीडिया पर जारी एक संदेश में कहा कि यह हादसा बेहद दुखद है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजन को 2 लाख रुपये और हर घायल को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी।
इसके अलावा, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भी राज्य सरकार की ओर से मृतकों के आश्रितों को 4-4 लाख रुपये और सभी घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है। दोनों नेताओं ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। स्थानीय प्रशासन को प्रभावितों को हरसंभव सहायता देने के निर्देश दिए गए हैं।
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
इस मामले में एक बड़ी बात यह सामने आई है कि जिस फैक्ट्री में यह विस्फोट हुआ, वह बिना वैध लाइसेंस के चल रही थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करते हुए यह फैक्ट्री बिना अनुमति के कैसे संचालित हो रही थी।
इनपुट: IANS



