पीएम मोदी के पिता पर खड़गे की टिप्पणी को लेकर सियासी उबाल, यूपी के मंत्रियों ने की इस्तीफे की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई एक टिप्पणी ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कई वरिष्ठ…
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता पर की गई एक टिप्पणी ने बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कई वरिष्ठ मंत्रियों ने इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है और खड़गे से देश से माफी मांगने की मांग की है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह पूरा मामला 25 अक्टूबर का है जब खड़गे पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिन्हा की 139वीं जयंती पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। वोटर लिस्ट और भाजपा की आलोचना के दौरान जब भीड़ से किसी ने 'मोदी नहीं जाएगा' का नारा लगाया, तो खड़गे ने मंच से जवाब देते हुए कहा, "मोदी का बाप भी जाएगा, बाप भी जाएगा।"
मंत्रियों ने की कड़ी निंदा
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने खड़गे के बयान की निंदा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के माता-पिता के प्रति ऐसी अभद्र भाषा देशवासी कभी स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, "सत्ता न मिलने की जो भूख है, वो तड़पड़ाहट में बदल चुकी है। कांग्रेस अपना मानसिक संतुलन भी खो चुकी है।" पाठक ने यह भी कहा कि इस बयान का खामियाजा कांग्रेस पार्टी को भुगतना पड़ेगा और 2027 के यूपी चुनाव में भाजपा फिर से प्रचंड बहुमत से जीतेगी।
वहीं, यूपी के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि इस बयान की जितनी निंदा की जाए, कम है। उन्होंने कहा, "कांग्रेस के पास अब कोई पॉलिसी नहीं रही और कोई विषय-वस्तु नहीं है। अब वह केवल इसी तरह की भाषा का इस्तेमाल करके जनता का विश्वास जीतना चाहते हैं।" खन्ना ने कहा कि खड़गे को इस टिप्पणी के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए।
माफी की मांग
उत्तर प्रदेश सरकार के एक अन्य मंत्री अनिल राजभर ने भी खड़गे के बयान को राजनीति के लिए अशोभनीय बताते हुए इसकी निंदा की। उन्होंने भी कांग्रेस अध्यक्ष से देश के सामने माफी मांगने की मांग की है।
इनपुट: IANS



