गुजरात: 12.67 करोड़ की नशीली टैबलेट जब्त, वापी और दादरा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गुजरात के वलसाड जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.67 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा मिश्रित टैबलेट्स का विशाल जखीरा जब्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस…
गुजरात के वलसाड जिले में पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 12.67 करोड़ रुपये मूल्य की गांजा मिश्रित टैबलेट्स का विशाल जखीरा जब्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस अभियान में दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई, जिसमें कुल 2,535 किलोग्राम से ज्यादा नशीली गोलियां बरामद हुईं। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि गिरोह के दो अन्य सदस्य फरार बताए जा रहे हैं।
यह कार्रवाई जिला पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स विंग और स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने संयुक्त रूप से की। जांच की शुरुआत वापी के छिरी इलाके से हुई, जहां मोहम्मद अमीन मोहम्मद बासू खान (46) के घर पर पहली छापेमारी की गई। यहां से पुलिस को लगभग 1.93 करोड़ रुपये की 387.75 किलोग्राम टैबलेट्स मिलीं।
जांच की आंच दादरा तक पहुंची
मोहम्मद अमीन से पूछताछ के बाद जांच का सिरा केंद्र शासित प्रदेश दादरा एवं नगर हवेली से जुड़ा। पता चला कि टैबलेट्स की आपूर्ति प्रदीप उर्फ मन्नू वर्मा (28) करता था। इसके बाद पुलिस टीम ने दादरा के लवाछा सीमा के पास स्थित प्रदीप की दुकान पर छापा मारा। वहां से 10.73 करोड़ रुपये मूल्य की 2,147.35 किलोग्राम टैबलेट्स का जखीरा बरामद किया गया और प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने इस मामले में कुल 12,67,55,000 रुपये की 2,535.1 किलोग्राम टैबलेट्स जब्त की हैं। इसके अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद अमीन मूल रूप से झारखंड का रहने वाला है और वापी में रहता था, जबकि प्रदीप वर्मा उत्तर प्रदेश के कन्नौज का निवासी है। पुलिस के मुताबिक, इस नेटवर्क में दो और लोग शामिल हैं, जिनकी पहचान कानपुर निवासी अनुराग गुप्ता और मुंबई के घाटकोपर निवासी सलमान इकबाल सिद्दीकी के रूप में हुई है। दोनों फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है।
यह मामला एंटी-नारकोटिक्स विंग के एक पुलिस उपनिरीक्षक की शिकायत पर डुंगरा पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है। आगे की जांच की जिम्मेदारी वलसाड SOG को सौंपी गई है।
इनपुट: IANS



