फतेहपुर: 50 हजार के उधार ने ली शराब सेल्समैन की जान, हत्या के बाद 1.41 लाख की लूट, आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शराब दुकान के सेल्समैन की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटों के भीतर सुलझा ली है। महज़ 50 हजार रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन की हत्या कर दी गई और…
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शराब दुकान के सेल्समैन की हत्या की गुत्थी पुलिस ने महज 12 घंटों के भीतर सुलझा ली है। महज़ 50 हजार रुपये के उधार को लेकर हुए विवाद में सेल्समैन की हत्या कर दी गई और दुकान से 1.41 लाख रुपये लूट लिए गए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी कृष्णा तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह घटना बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के दुर्गई गांव की है। शुक्रवार की रात देशी शराब दुकान का सेल्समैन सतेंद्र सिंह चौहान दुकान बंद करने के बाद पास के ही एक टीनशेड के बरामदे में सो रहा था, तभी उसकी हत्या कर दी गई।
कैसे हुई गिरफ्तारी और क्या था मकसद?
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि सतेंद्र सिंह के सिर पर लकड़ी के एक भारी टुकड़े (बोटे) से वार किया गया था और दुकान की बिक्री के पैसे भी गायब थे। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शहजादीपुर नहर पुलिया के पास से आरोपी कृष्णा तिवारी को उसके इलेक्ट्रिक ऑटो समेत गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सेल्समैन से 50 हजार रुपए उधार लिए थे। सतेंद्र जब अपने पैसे वापस मांगने लगा तो दोनों के बीच विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद कृष्णा दोबारा दुकान पर पहुंचा और सोते हुए सतेंद्र के सिर पर दो बार वार करके उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने दुकान की चाबी लेकर गल्ले में रखे 1.41 लाख रुपए निकाल लिए और फरार हो गया।
पुलिस ने क्या-क्या बरामद किया?
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के ऑटो की डिग्गी से लूटी गई पूरी नकदी (1.41 लाख रुपये) बरामद कर ली है। इसके अलावा, घटना के समय पहनी गई खून के धब्बों वाली सफेद टी-शर्ट और हत्या में इस्तेमाल किया गया लकड़ी का बोटा भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।
इनपुट: IANS



