अहमदाबाद: मूंगफली की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी 18 लाख की शराब, क्राइम ब्रांच ने तस्कर को दबोचा
गुजरात में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मूंगफली की खेप की आड़ में लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप…
गुजरात में शराबबंदी के बावजूद तस्करी के नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। इसी क्रम में अहमदाबाद सिटी क्राइम ब्रांच ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मूंगफली की खेप की आड़ में लाई जा रही शराब की एक बड़ी खेप पकड़ी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में मध्य प्रदेश के एक निवासी को गिरफ्तार किया गया है और उसके पास से 18 लाख रुपये से ज्यादा कीमत की शराब जब्त की गई है।
क्राइम ब्रांच को एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम ने अहमदाबाद के नारोल-विशाला रोड पर स्थित नायरा पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी की। यहाँ एक आईसर ट्रक की तलाशी लेने पर मूंगफली की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गईं शराब की बोतलें बरामद हुईं।
भारी मात्रा में शराब और ट्रक जब्त
अधिकारियों ने ट्रक से अलग-अलग ब्रांड की भारतीय निर्मित विदेशी शराब (IMFL) की कुल 5,988 बोतलें जब्त की हैं। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 1,946.52 लीटर है, जिसका अनुमानित मूल्य 18,69,924 रुपये बताया गया है।
शराब के अलावा, पुलिस ने 8 लाख रुपये कीमत का आईसर ट्रक, 80,000 रुपये की मूंगफली से भरी 160 बोरियां, 5,000 रुपये का एक मोबाइल फोन और 1,000 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। इस तरह जब्त किए गए सभी सामानों की कुल कीमत 27,55,824 रुपये आंकी गई है।
मध्य प्रदेश से जुड़ा तस्करी का तार
पुलिस ने मौके से ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान मध्य प्रदेश के धार जिले के रहने वाले रसीद इदा जाट नायता (पटेल) के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब की यह खेप किसने भेजी थी और इसे गुजरात में किसे पहुंचाया जाना था। इस तस्करी के नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
इनपुट: IANS



