बिहार MLC चुनाव: मतगणना हॉल में CCTV न होने पर हंगामा, RJD और जन सुराज ने उठाए सवाल
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना के दौरान पटना में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज के उम्मीदवारों ने मतगणना हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं…
बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए हुए चुनाव की मतगणना के दौरान पटना में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) और जन सुराज के उम्मीदवारों ने मतगणना हॉल के अंदर सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि प्रशासन ने चुनाव आयोग के नियमों का हवाला देते हुए व्यवस्था का बचाव किया है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह विवाद मंगलवार को पटना स्नातक और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की मतगणना के दौरान सामने आया। पटना शिक्षक क्षेत्र से राजद प्रत्याशी संजीव कुमार ने बांकीपुर गर्ल्स हाई स्कूल स्थित मतगणना केंद्र की व्यवस्था को 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया। उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि जब सांसदों और विधायकों के चुनाव में मतगणना हॉल के अंदर सीसीटीवी और वीडियो रिकॉर्डिंग की व्यवस्था होती है, तो यहां ऐसा क्यों नहीं किया गया।
प्रशासन का दावा, नियमों के तहत हो रहा काम
उम्मीदवारों के आरोपों के जवाब में पटना के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी कुंदन कुमार ने स्पष्ट किया कि मतगणना की पूरी प्रक्रिया भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOP) के अनुसार ही चल रही है। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशियों को आयोग के नियमों से अवगत करा दिया गया है।
हालांकि, राजद प्रत्याशी संजीव कुमार ने दावा किया कि जब उन्होंने इस मामले पर कमिश्नर और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी से बात की, तो उन्हें बताया गया कि मतगणना हॉल में सीसीटीवी लगाने का कोई प्रावधान नहीं है। कुमार ने इसे समझ से परे बताते हुए अधिकारियों पर द्वेषपूर्ण भावना से काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने चुनाव आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की, लेकिन साथ ही अपनी जीत का भरोसा भी जताया।
अन्य उम्मीदवारों ने भी जताई आपत्ति
राजद के अलावा, पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह ने भी मतगणना केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने केंद्र पर स्वच्छता की व्यवस्था को लेकर भी आपत्ति दर्ज कराई। जिलाधिकारी कुंदन कुमार ने इन आरोपों पर कहा कि व्यवस्थाएं अच्छी हैं और स्वच्छता का स्तर भी बेहतर है, फिर भी कोई विशेष शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: IANS



