रविवार, 26 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
राजनीति

कारगिल विजय दिवस: राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को संदेश — अब सिर्फ़ PoK पर होगी बात

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में पाकिस्तान से कोई बातचीत होती है, तो उसका एकमात्र एजेंडा पाकिस्तान…

कारगिल विजय दिवस: राजनाथ सिंह का पाकिस्तान को संदेश — अब सिर्फ़ PoK पर होगी बात
(फोटो: IANS)

कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को एक कड़ा और स्पष्ट संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में पाकिस्तान से कोई बातचीत होती है, तो उसका एकमात्र एजेंडा पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर (PoK) होगा, जिस पर पाकिस्तान ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, यह बात उन्होंने कारगिल युद्ध स्मारक पर आयोजित एक कार्यक्रम में कही।

विज्ञापन

राजनाथ सिंह ने 26 जुलाई को कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक सामान्य दिन नहीं, बल्कि हर उस युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो व्यक्तिगत सफलता और राष्ट्रीय कर्तव्य के बीच के अंतर को समझना चाहता है। उन्होंने कहा, "यह दिन हमें सिखाता है कि 'बलिदान' और 'सेवा' का भाव ही किसी भी राष्ट्र की रीढ़ होता है।"

भारत इनोवेशन में, पाकिस्तान घुसपैठ में

रक्षा मंत्री ने दोनों देशों के रास्तों की तुलना करते हुए पाकिस्तान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “आज भारत इनोवेशन के नए रास्ते खोज रहा है, तो पाकिस्तान घुसपैठ के नए रास्ते खोज रहा है। भारत चिप डिजाइन कर रहा है, तो पाकिस्तान टेरर डिजाइन में लगा हुआ है। भारत दुनिया को सॉफ्टवेयर दे रहा है, तो पाकिस्तान दुनिया को स्लीपर सेल दे रहा है।"

उन्होंने आगे कहा, "भारत डेटा सेंटर्स बना रहा है, तो पाकिस्तान रेडिकल सेंटर्स बना रहा है। भारत यूपीआई से दुनिया को जोड़ रहा है, तो पाकिस्तान हवाला से आतंकवाद को जोड़ रहा है।" राजनाथ सिंह ने चेतावनी दी कि यदि पाकिस्तान अपने मंसूबों के साथ भारत की समृद्धि में बाधा डालता है, तो सेनाएं उसे करारा जवाब देने के लिए तैयार हैं।

'ऑपरेशन सिंदूर' का ज़िक्र

अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने हाल ही में पूरे हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन ने यह साफ कर दिया है कि आतंकवाद के सहारे भारत को डराने का सपना देखने वालों का अंजाम क्या होगा। रक्षा मंत्री के शब्दों में, "ऑपरेशन सिंदूर के दौरान, हमारी सेनाओं ने आतंकवादियों और उनके सरपरस्तों को ऐसा जवाब दिया है, जिसे वे आजीवन नहीं भूल पाएंगे।"

1999 के धोखे को किया याद

कारगिल युद्ध को याद करते हुए उन्होंने कहा कि 27 साल पहले 1999 में पाकिस्तान ने धोखे से भारतीय चोटियों पर कब्जा कर लिया था, लेकिन दुश्मन भारतीय सेना के शौर्य और संकल्प को आंकने में चूक गया। रक्षा मंत्री ने सैनिकों की सराहना करते हुए कहा, "हमारे जवानों ने सिर्फ पहाड़ की ऊंचाइयों को ही नहीं बल्कि मानवीय सीमाओं की हर परिभाषा को भी पार करके दिखाया।" उन्होंने सरकार की ओर से सेना को पूरे समर्थन का आश्वासन भी दिया।

इनपुट: IANS

N

News4Social राजनीति डेस्क

News4Social राजनीति डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से राजनीति और चुनाव से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →