Advertising
Home Top stories पापड़ी आरओबी की बदहाली पर संयुक्त सचिव नाराज: अधूरे प्रोजेक्ट्स पर...
Advertising
<

पापड़ी आरओबी की बदहाली पर संयुक्त सचिव नाराज: अधूरे प्रोजेक्ट्स पर सख्ती, बूंदी में विकास कार्यों, बजट घोषणाओं की चर्चा – Bundi News

0
पापड़ी आरओबी की बदहाली पर संयुक्त सचिव नाराज:  अधूरे प्रोजेक्ट्स पर सख्ती, बूंदी में विकास कार्यों, बजट घोषणाओं की चर्चा – Bundi News

पापड़ी आरओबी की बदहाली पर संयुक्त सचिव नाराज: अधूरे प्रोजेक्ट्स पर सख्ती, बूंदी में विकास कार्यों, बजट घोषणाओं की चर्चा – Bundi News


लोकसभा सचिवालय के संयुक्त सचिव गौरव गोयल ने गुरुवार को बूंदी कलेक्ट्रेट सभागार में जिले की बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि अधूरे और अप्रारंभ कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा किया जाए। मेज नदी पर बन रहे हाई लेवल ब्रिज, पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज, नए जीएसएस निर्माण, गेहूं खरीद व्यवस्था और हीटवेव तैयारियों को लेकर उन्होंने अधिकारियों की जवाबदेही तय की। पापड़ी आरओबी के क्षतिग्रस्त होने पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी। बजट घोषणाओं और विकास कार्यों की हुई विस्तृत समीक्षा कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। संयुक्त सचिव गौरव गोयल ने अधिकारियों से कहा कि जिन कार्यों की शुरुआत अब तक नहीं हुई है, उन्हें तत्काल प्राथमिकता के साथ शुरू किया जाए, जबकि प्रगतिरत कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। मेज नदी हाई लेवल ब्रिज को जल्द पूरा करने के निर्देश बैठक में मेज नदी पर निर्माणाधीन हाई लेवल ब्रिज के शेष कार्यों की समीक्षा करते हुए गोयल ने अधिकारियों को इसे प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुल बनने से आमजन को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, इसलिए इसमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज की बदहाली पर जताई नाराजगी संयुक्त सचिव ने पापड़ी रेलवे ओवरब्रिज के क्षतिग्रस्त होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने रिडकोर ओवरब्रिज को तुरंत दुरुस्त करने और पुलिया पर डामरीकरण कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही विभिन्न परियोजनाओं के लंबित भूमि अधिग्रहण मामलों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
बूंदी शहर में तीन नए जीएसएस जल्द होंगे शुरू बैठक में बूंदी शहर में स्वीकृत तीन नए जीएसएस (ग्रिड सब स्टेशन) निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। गौरव गोयल ने अधिकारियों को इन कार्यों को जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए ताकि बिजली व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके। पीएम सूर्य घर और आदर्श सोलर ग्राम योजना पर जोर उन्होंने पीएम सूर्य घर योजना और आदर्श सोलर ग्राम योजना की बिंदुवार समीक्षा करते हुए विभागीय अधिकारियों से निर्धारित लक्ष्य हर हाल में हासिल करने को कहा। उन्होंने योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू करने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया। लंबित कृषि कनेक्शन और ग्रामीण विकास कार्यों की समीक्षा संयुक्त सचिव ने कृषि कनेक्शन के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएसआर, माडा, सांसद-विधायक कोष से स्वीकृत कार्य, मनरेगा के तहत श्मशान विकास, इंटरलॉकिंग और सीसी सड़क निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना के तहत चल रहे कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। गेहूं खरीद केंद्रों पर किसानों की सुविधाओं के निर्देश बैठक में समर्थन मूल्य पर हो रही गेहूं खरीद व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। संयुक्त सचिव ने खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए छाया, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और हीटवेव को देखते हुए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीद केंद्रों पर बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था रहे और स्टॉक का उठाव तुरंत किया जाए ताकि अव्यवस्था की स्थिति पैदा न हो। परिवहन के लिए पर्याप्त संख्या में ट्रकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी खरीद एजेंसियों को अपने लक्ष्य हासिल करने के निर्देश भी दिए गए। हीटवेव को लेकर स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रहने के निर्देश गौरव गोयल ने सभी चिकित्सा संस्थानों में जीवन रक्षक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन को हीटवेव से बचाव के प्रति जागरूक करने और साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। ये अधिकारी रहे मौजूद बैठक में अनिल कुमार अग्रवाल, राजेश गोयल, हरफूल सिंह यादव, राजेश डागा तथा रामकिशोर मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

राजस्थान की और समाचार देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Rajasthan News

Advertising