DDA की स्कीम लॉन्च होते ही मिला बढ़िया रिस्पॉन्स, इन फ्लैटों की डिमांड दिख रही है सबसे ज्यादा h3>
डीडीए की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शाम 5 बजे से शुरू होनी थी, लेकिन सुबह से ही वेबसाइट पर लोग इसकी जानकारी लेने के लिए पहुंच रहे थे। शाम 4 बजे के बाद डीडीए की वेबसाइट स्लो होनी शुरू हो गई। इससे रजिस्ट्रेशन करवाने वालों को परेशानियां हुईं। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 10 जुलाई के बाद भी जारी रहेगी, लेकिन फ्लैट्स तभी उपलब्ध होंगे जब उन्हें किसी ने बुक नहीं करवाया होगा। 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे जिन लोगों ने रजिस्ट्रेशन करवा लिए होंगे, वे अपने मनपसंद के फ्लैट ऑनलाइन बुक करवा सकेंगे। इसके लिए उनहें बुकिंग अमाउंट ऑनलाइन जमा करवाना होगा।
बुकिंग अमाउंट नहीं मिलेगा वापस
डीडीए ने साफ किया है कि बुकिंग अमाउंट जमा करने से पहले लोग अच्छी तरह सोच-विचार कर लें। चूंकि आवेदक फ्लैट को सरेंडर या कैंसल करते हैं, तो बुकिंग अमाउंट जब्त कर लिया जाएगा। यह वापस नहीं होगा। डीडीए के अनुसार, यह व्यवस्था इसलिए की गई है ताकि फ्लैट वही लोग बुक करवाएं जो वाकई इसे खरीदना चाहते हैं। 1 बीएचके (ईडब्ल्यूएस) के लिए 50 हजार, 1 बीएचके (एमआईजी) के लिए एक लाख, 2 बीएचके लिए 4 लाख और 3 बीएचके लिए 10 लाख रुपये की बुकिंग अमाउंट है।
डिमांड लेटर जारी होने के तीन महीने के अंदर लोगों को फ्लैट की पूरी कीमत देनी होगी। अगर आप पूरी कीमत 30 दिनों में दे देते हैं तो आप पर किसी तरह ब्याज नहीं लगेगा। लेकिन 30 दिन के बाद पूरी रकम चुकाते हैं, तो रकम पर 11 प्रतिशत का सालाना ब्याज भी देना होगा। यदि 90 दिन में भी कीमत नहीं चुकाते तो बुकिंग अपने आप रद्द हो जाएगी और बुकिंग अमाउंट जब्त हो जाएगा।
फेक साइटों से दूर रहने की सलाह
डीडीए ने साफ किया है कि लोग डीडीए की आधिकारिक वेबसाइट https://eservices.dda.org.in/ या https://dda.gov.in पर ही जाएं। अन्य किसी फर्जी वेबसाइट से डीडीए की स्कीम की जानकारी न लें। पिछले कुछ समय से इस तरह की फर्जी वेबसाइट पर डीडीए के नाम पर फ्रॉड चल रहे हैं। इसलिए वेबसाइट को डबल चेक कर लें। साथ ही, फ्लैट बुकिंग के लिए किसी एजेंट या अन्य व्यक्ति की मदद नहीं लें। प्रक्रिया काफी आसान है। मदद के लिए डीडीए के टोल फ्री नंबर 1800110332 पर फोन किया जा सकता है।




