वाराणसी के फूलपुर में किसान की हत्या, शव घर पहुंचा: पुरानी रंजिश में गोली मारकर हत्या, मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार – Varanasi News h3>
वाराणसी के फूलपुर थाना क्षेत्र के बरजी गांव में किसान भोथु यादव की हत्या के बाद रविवार को माहौल गमगीन रहा। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल और आरआरएफ के जवान तैनात किए गए। देर शाम मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। परिजनों के मुताबिक, शनिवार को 60 वर्षीय भोथु यादव का गांव के ही अनीस यादव, उसके भाइयों और पिता नन्हे यादव से पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि कहासुनी के दौरान अनीस यादव ने भोथु यादव के पैर में गोली मार दी। परिजनों का आरोप है कि घायल अवस्था में जान बचाकर भाग रहे भोथु यादव को आरोपियों ने खेत में घेर लिया और लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा। गंभीर चोटों के कारण उनकी मौत हो गई। बेटे की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा घटना के बाद पुलिस ने मृतक के पुत्र ललित मोहन यादव की तहरीर पर अनीस यादव, उसके दो भाइयों और पिता नन्हे यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। बताया जा रहा है कि आरोपी घटना के बाद अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए हैं। शव पहुंचते ही मचा कोहराम रविवार शाम जैसे ही भोथु यादव का शव गांव पहुंचा, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पत्नी सुमित्रा देवी, बेटियों और अन्य परिजनों का विलाप देख ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं। घर से निकली शवयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। बाद में मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। गांव में तैनात रही पुलिस और आरआरएफ घटना के बाद गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए एसीपी प्रतीक कुमार के नेतृत्व में पिंडरा सर्किल की पुलिस और आरआरएफ के जवान तैनात किए गए। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई। एसीपी प्रतीक कुमार ने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है और किसी प्रकार का विरोध प्रदर्शन नहीं हुआ। वहीं, थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने कहा कि कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar PradeshNews