भारतीय जनता पार्टी की परेशानियों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है. राजस्थान में खासतौर पर भाजपा में काफी उथुलपुथल मची हुई है. पहले उपचुनाव में मिली करारी हार के बाद बीती रात एक भाजपा विधायक के निधन से पार्टी में शोक की लहर आ गयी है.
राजस्थान की मज़बूत कड़ी थे चौहान
राजस्थान में नाथद्वारा से बीजेपी विधायक कल्याण सिंह चौहान का 57 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है. उन्हें चौहान बीते करीब तीन वर्ष से कैंसर से ग्रसित थे. मंगलवार देर रात उनकी तबियत बिगड़ने पर उन्हें उदयपुर के अमेरिकन अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां बुधवार तड़के उन्होंने अंतिम सांस ली. कल्याण सिंह चौहान उदयपुर जिले के नाथद्वारा निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते थे.
विधायक कल्याण सिंह चौहान की मौत खबर देते हुए बीजेपी प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि चौहान लंबे समय से बीमार चल रहे थे. वह उदयपुर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती थे. मंगलवार रात उनका निधन हुआ. उनका अंतिम संस्कार बुधवार को उनके पैतृक गांव में किया जाएगा. वे अपने पीछे अपनी पत्नी, चार लड़के और दो लड़कियों को छोड़ गए. चौहान ने कांग्रेस के सी पी जोशी को विधानसभा चुनाव में एक वोट से हराया था.
वर्ष 2008 के राजस्थान विधानसभा चुनाव में कल्याण सिंह चौहान नाथद्धारा से कांग्रेस के दिग्गज नेता डॉ सीपी जोशी को एक वोट से हराकर चर्चा में आए थे. चौहान के डॉ जोशी को केवल एक वोट से हराने की चर्चा आज भी राजनीतिक गलियारों में होती है. गौरतलब है कि वर्ष 2008 में कांग्रेस ने राजस्थान में वापसी की थी और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री बने थे. लेकिन उस वक्त डॉ सीपी जोशी को मुख्यमंत्री का प्रबल दावेदार माना जाता था.
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सी पी जोशी ने चौहान के असामयिक निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है.
भाजपा के राज्य अध्यक्ष अशोक परनामी ने निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ये पार्टी के लिए एक अपूरणीय क्षति है.
एक ही दिन में दो मौतें
बता दें कि एक ही दिन में भाजपा के दो-दो विधायक का निधन हो गया है. एक तरफ राजस्थान के विधायक कल्याण सिंह ने दुनिया को अलविदा कहा वहीं उत्तर प्रदेश के बिजनौर नूरपुर से विधायक लोकेंद्र सिंह की सड़क हादसे में मौत हो गई.
कमलापुर थाना क्षेत्र के ककहिया पारा गांव के पास सड़क हादसे में बिजनौर जिले के नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक लोकेंद्र सिंह चौहान (45) की मौत हो गई. उनके साथ दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई.
बताया जा रहा है कि कमलापुर थाना क्षेत्र के ककहियापारा गांव के पास उनकी फार्च्यूनर डिवाइडर तोड़कर ट्रक से टकरा गई. जानकारी के मुताबिक विधायक बिजनौर से लखनऊ जा रहे थे. दुर्घटना के बाद डीएम डॉ सारिका मोहन और एसपी आनंद कुलकर्णी जिला अस्पताल पहुंचे. यहां इमरजेंसी में तीनों शवों को रखा गया था.









