मानसिक स्वास्थ्य के लिए सकारात्मक सोच जरूरी – Barwani News h3>
ग्राम करी स्थित शासकीय आदर्श कॉलेज में एनटीएफ के अंतर्गत गठित मेंटल हेल्थ क्लब से संचालित विद्यार्थी अभिभावक योजना के तहत सोमवार को विद्यार्थियों के लिए परीक्षा तनाव प्रबंधन पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसका उद्देश्य छात्रों को तनाव मुक्त रखने के लिए आ
.
कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रमोद पंडित ने कहा कि परीक्षा किसी भी स्थिति में जीवन को खतरे में डालने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह आपकी योग्यता और क्षमता को समझने का अवसर देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से परीक्षा को तनाव की तरह न लेकर क्षमताओं की जांच की तरह देखने की अपील की। नियमित ध्यान, योग और प्राणायाम से कार्यक्षमता में वृद्धि होती है। उन्होंने छात्रों को पौष्टिक भोजन के साथ मन के लिए भी पोषण जरूरी बताते हुए अच्छी पुस्तकें पढ़ने, साहित्य चर्चा और मित्रों व शिक्षकों से संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उनके अनुसार विभिन्न विषयों पर मनन-चिंतन से कई मानसिक गुत्थियां आसानी से सुलझाई जा सकती है।
मेंटल हेल्थ क्लब सदस्य डॉ. दिनेश पाटीदार ने बताया कि विद्यार्थी अभिभावक योजना के तहत समय-समय पर छात्रों को सकारात्मक और प्रेरणादायी सुझाव दिए जाते हैं। इससे विद्यार्थियों में अपनी गति और क्षमता के अनुरूप आगे बढ़ने की समझ विकसित होती है। उन्होंने कहा सकारात्मक सोच का नियमित अभ्यास नकारात्मक विचारों को कमजोर करता है और नकारात्मकता की पहचान कर लेने से विद्यार्थी तनाव से काफी हद तक दूर रह सकते हैं। कार्यक्रम का संयोजन स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के जिला नोडल अधिकारी डॉ. अनिल पाटीदार ने किया। उन्होंने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार गठित एनटीएफ के अंतर्गत मेंटल हेल्थ क्लब कॉलेज में विद्यार्थियों को जोड़ने, संवाद बढ़ाने और मानसिक तनाव कम करने के लिए सक्रिय है। कॉलेज परिसर में हेल्पलाइन नंबरों का बैनर भी लगाया गया है। ताकि जरूरतमंद विद्यार्थी तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दर्ज कराई।



