बक्सर में नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज क्षतिग्रस्त: भारी गाड़ियों की एंट्री बंद, प्रशासन ने जारी किया नया रूट प्लान – Buxar News h3>
बक्सर-बरुणा रेलवे स्टेशन के बीच इटाढ़ी गुमटी के पास बने नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। सुरक्षा को देखते हुए पुल से बड़े और भारी वाहनों के परिचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने मरम्मत कार्य पूरा होने तक यातायात को नियंत्रित करने के लिए वैकल्पिक रूट जारी किया है। अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। यात्रियों की सुविधा और हादसे की आशंका को देखते हुए अलग-अलग वाहनों के लिए अलग व्यवस्था लागू की गई है। बक्सर को दक्षिणी इलाकों से जोड़ता है यह मुख्य मार्ग प्रशासन के अनुसार, इटाढ़ी गुमटी वाला मार्ग बक्सर को जिले के दक्षिणी हिस्सों और रोहतास जिले से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से हर दिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े और भारी वाहन गुजरते हैं। आरओबी में खराबी आने के बाद भारी वाहनों का दबाव पुल पर सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता था। इसी वजह से प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई है। भारी वाहनों के लिए बदला गया रूट जारी आदेश के अनुसार इटाढ़ी की ओर से आने वाले भारी वाहन अब राजपुर और चौसा होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे। वहीं नवानगर और सिकरौल क्षेत्र से आने वाले भारी वाहनों को कोरानसराय, डुमरांव और नया भोजपुर के रास्ते बक्सर पहुंचना होगा। रोहतास जिले से आने वाले भारी वाहनों को भी इटाढ़ी मार्ग का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया गया है। छोटे वाहनों को पाण्डेयपट्टी रेलवे फाटक से मिलेगी अनुमति प्रशासन ने मोटरसाइकिल, ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा जैसे छोटे वाहनों को पाण्डेयपट्टी रेलवे फाटक से आने-जाने की अनुमति दी है। इसके अलावा जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन जैसे स्कूल बस, दूध वाहन और गैस सिलेंडर सप्लाई करने वाले वाहनों को भी इसी रास्ते से प्रवेश और निकास की अनुमति दी गई है। बसों का परिचालन भी सीमित इटाढ़ी, धनसोई, सिकरौल और रोहतास की तरफ जाने वाली सभी यात्री बसों के लिए भी नया नियम लागू किया गया है। इन बसों को इटाढ़ी गुमटी के दक्षिणी हिस्से तक ही चलाने का निर्देश दिया गया है। वहीं यात्रियों को उतारने और बैठाने की व्यवस्था करनी होगी। इन बसों को बक्सर नगर क्षेत्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। निगरानी के लिए तैनात किए गए अधिकारी यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आदेश का पालन कराने के लिए प्रशासन ने अलग-अलग स्थानों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती की है। इसके अलावा जिला परिवहन विभाग, खनन विभाग और संबंधित अंचल अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील की जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करें और यातायात नियमों का पालन करें। प्रशासन का कहना है कि पुल की मरम्मत का काम सुरक्षित और तेजी से पूरा कराया जा रहा है, ताकि जल्द से जल्द सामान्य यातायात बहाल किया जा सके।
बिहार की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – BiharNews