बरेली में सकलैनी और रिजवियों में टकराव की स्थिति: सकलैनी समाज के लोग SSP ऑफिस पहुंचे, बोले- ईंट से ईंट बजा देंगे; हम दबने वाले नहीं – Bareilly News h3>
एसएसपी ऑफिस पर पहुंचे सकलैनी समाज के लोग
बरेली में हुए ताजुश्शरिया के उर्स के दौरान सकलैनी और रिजवियों में टकराव की स्थिति बन गई है। सकलैनी समुदाय के हाजी लतीफ कुरैशी पर सिविल लाइंस में रजिस्ट्री ऑफिस के पास जानलेवा हमला किया गया।
.
हाजी लतीफ कुरैशी ने आरोप लगाया कि दरगाह आला हजरत से जुड़े मोहसिन रज़ा ने उनके ऊपर जानलेवा हमला किया है। वहीं आज बड़ी संख्या में सकलैनी समाज के सैकड़ों लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और मुकदमा लिखने की मांग की।
सैकड़ों लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे
हाजी लतीफ कुरैशी के समर्थन में सैकड़ों लोग एसएसपी ऑफिस पहुंचे और वहां से कोतवाली गए, जहां उन्होंने मुकदमा लिखने की मांग की। सकलैनी समाज के लोगों में जबरदस्त आक्रोश है। उनका कहना है कि हम रिजवियों से दबने वाले नहीं हैं।
हम इन लोगों की ईंट से ईंट बजा देंगे। सकलैनी समाज के लोगों का कहना है हमें कमजोर न समझा जाए। हमारी संख्या रिजवियों से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो हम लोग सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
उर्स के दौरान लोहे की रॉड से हमला कोतवाली क्षेत्र के आजमनगर निवासी हाजी लतीफ कुरैशी सोमवार को रजिस्ट्री ऑफिस में रजिस्ट्री करवाने गए थे। तभी दरगाह आला हजरत से जुड़े मोहसिन रज़ा ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
उन्होंने बताया कि कल मोहसिन रज़ा ने ऐसा माहौल बना दिया था कि पूरे बरेली में दंगा-फसाद हो सकता था। सकलैनी और रिजवी समाज के लोग आपस में भिड़ सकते थे। वहीं पुलिस के लिए टेंशन खड़ी हो गई है। भले ही मामला एक ही समुदाय का हो, लेकिन दोनों में टकराव की स्थिति है। पहले भी सकलैनी और रिजवी आपस में भिड़ चुके हैं।
सकलैनी और रिजवियों में है आपस में टकराव दरअसल, बरेली में मुस्लिम समुदाय में सकलैनी और रिजवी समाज के दो गुट हैं। जिसमें सकलैनी शाह शराफत मियां की दरगाह पर जाते हैं और उन्हें ही मानते हैं, जबकि रिजवी समाज के लोग दरगाह आला हजरत से जुड़े हैं। कल दरगाह आला हजरत खानदान से जुड़े ताजुश्शरिया का उर्स था, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंद मथुरापुर स्थित मदरसे पर पहुंचे थे।
कोतवाली इंस्पेक्टर अमित पांडेय ने बताया कि आज कुछ लोग आए थे। उन्होंने तहरीर दी है। उसकी जांच करवाई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




