बुधवार, 9 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
अपराध

AI का खतरनाक इस्तेमाल: दिल्ली में युवती से बदला लेने के लिए बनाई अश्लील तस्वीरें, इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला दिल्ली में सामने आया है, जहाँ एक युवती की तस्वीरों को मॉर्फ कर अश्लील सामग्री बनाने और फैलाने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार…

AI का खतरनाक इस्तेमाल: दिल्ली में युवती से बदला लेने के लिए बनाई अश्लील तस्वीरें, इंजीनियरिंग छात्र गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) तकनीक के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला दिल्ली में सामने आया है, जहाँ एक युवती की तस्वीरों को मॉर्फ कर अश्लील सामग्री बनाने और फैलाने के आरोप में 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान बीटेक छात्र केशव बंसल के रूप में हुई है, जो पीड़िता का परिचित बताया जा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने व्यक्तिगत रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया।

विज्ञापन

मामला तब खुला जब 22 वर्षीय युवती ने उत्तरी दिल्ली के साइबर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि उसके इंस्टाग्राम अकाउंट से तस्वीरें लेकर AI की मदद से छेड़छाड़ कर अश्लील फोटो और वीडियो बनाए गए हैं। युवती को कई फर्जी इंस्टाग्राम प्रोफाइल से धमकी भरे संदेश भी मिल रहे थे, जिनमें बताया गया था कि यह आपत्तिजनक सामग्री डिस्कॉर्ड सर्वर पर फैलाई जा रही है।

पुलिस की तकनीकी जांच और गिरफ्तारी

शिकायत की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया। टीम ने फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल, ईमेल आईडी और अन्य डिजिटल गतिविधियों का गहन विश्लेषण किया। जांच में पाया गया कि कई इंस्टाग्राम अकाउंट, डिस्कॉर्ड प्रोफाइल और जीमेल आईडी एक-दूसरे से जुड़े हुए थे, जिनका इस्तेमाल इस आपत्तिजनक सामग्री को बनाने और फैलाने में किया गया था।

इन तकनीकी सुरागों के आधार पर पुलिस दिल्ली के ईस्ट पंजाबी बाग निवासी केशव बंसल तक पहुँची और उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में केशव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह और पीड़िता कॉलेज से एक-दूसरे को जानते थे और उनके बीच कुछ समय से मनमुटाव चल रहा था। केशव के अनुसार, उसने कथित तौर पर बार-बार हुए अपमान का बदला लेने के लिए यह कदम उठाया।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम

आरोपी ने कबूल किया कि उसने पीड़िता के निजी इंस्टाग्राम अकाउंट से तस्वीरें डाउनलोड कीं। इसके बाद AI आधारित इमेज एडिटिंग टूल्स का इस्तेमाल कर अश्लील तस्वीरें तैयार कीं और उन्हें गुमनाम रहने के लिए बनाए गए डिस्कॉर्ड सर्वरों पर अपलोड कर दिया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसने अन्य यूजर्स द्वारा बनाई गई और भी अश्लील सामग्री को दोबारा साझा किया था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन, दो सिम कार्ड और मामले से जुड़े अन्य डिजिटल सबूत बरामद किए हैं। इन उपकरणों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है ताकि इस पूरे डिजिटल नेटवर्क का पता लगाया जा सके और यह भी सुनिश्चित किया जा सके कि इस अपराध में कोई और तो शामिल नहीं था। मामले में आगे की जांच जारी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →