कोल इंडिया की कंपनी में 444 पदों पर भर्ती, आवेदन के लिए बस कुछ ही दिन बाकी
अगर आप कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की सहायक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में नौकरी करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अहम सूचना है। कंपनी ने असिस्टेंट फोरमैन और माइनिंग सरदार के कुल 444 पदों पर…
अगर आप कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) की सहायक कंपनी वेस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (WCL) में नौकरी करना चाहते हैं, तो आपके लिए एक अहम सूचना है। कंपनी ने असिस्टेंट फोरमैन और माइनिंग सरदार के कुल 444 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, लेकिन अप्लाई करने की अंतिम तिथि 10 अगस्त है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इच्छुक उम्मीदवार WCL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। यह प्रक्रिया 20 जुलाई की सुबह 10 बजे से शुरू हो चुकी है।
किन पदों पर कितनी रिक्तियां?
जारी की गई अधिसूचना के अनुसार, कुल 444 रिक्तियों में से 224 पद असिस्टेंट फोरमैन (ट्रेनी) - (इलेक्ट्रिकल)/इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर (टी एंड एस ग्रेड-सी) के लिए हैं। वहीं, 220 पद माइनिंग सरदार (टी एंड एस ग्रेड-सी) के लिए रखे गए हैं।
पदों का श्रेणी-वार विवरण इस प्रकार है:
- असिस्टेंट फोरमैन (कुल 224): अनारक्षित-91, ईडब्ल्यूएस-22, एससी-26, एसटी-29, और ओबीसी (एनसीएल)-56 पद।
- माइनिंग सरदार (कुल 220): अनारक्षित-101, ईडब्ल्यूएस-22, एससी-24, एसटी-38, और ओबीसी (एनसीएल)-35 पद।
कौन कर सकता है आवेदन?
दोनों पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और अनुभव की शर्तें रखी गई हैं।
- माइनिंग सरदार: उम्मीदवारों के पास खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) द्वारा जारी वैध माइनिंग सरदार सक्षमता प्रमाणपत्र, वैध गैस टेस्टिंग प्रमाणपत्र और वैध प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र होना चाहिए। इसके साथ ही भूमिगत खदानों में 3 साल काम करने का अनुभव भी ज़रूरी है। या, उनके पास माइनिंग इंजीनियरिंग में डिप्लोमा और DGMS द्वारा जारी वैध ओवरमैन सक्षमता प्रमाणपत्र, गैस टेस्टिंग व प्राथमिक चिकित्सा प्रमाणपत्र होना चाहिए।
- असिस्टेंट फोरमैन: इस पद के लिए सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में कम से कम 3 साल का डिप्लोमा और खदानों के लिए मान्य इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजरी सर्टिफिकेट होना अनिवार्य है।
आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर आवेदकों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन कई चरणों में होगा, जिसमें आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी), शॉर्टलिस्टिंग, दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल जांच शामिल है।
अंतिम रूप से चयनित होने वाले उम्मीदवारों को प्रतिमाह 47,330.25 रुपए का शुरुआती वेतन मिलेगा। इसके अलावा, उन्हें अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। आवेदन करते समय अनारक्षित, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के उम्मीदवारों को 1,180 रुपए का शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/ईएसएम और विभागीय उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



