NEET पेपर लीक: प्रकाश अंबेडकर के 'महाराष्ट्र बंद' का आह्वान, 3500 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने का आरोप
नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) ने गुरुवार को 'महाराष्ट्र बंद' का आयोजन किया। पार्टी प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने आरोप लगाया है…
नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वंचित बहुजन आघाड़ी (VBA) ने गुरुवार को 'महाराष्ट्र बंद' का आयोजन किया। पार्टी प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने आरोप लगाया है कि सरकार पुलिस के जरिए दमन का माहौल बना रही है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान मुंबई पुलिस द्वारा पार्टी के लगभग 3500 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया।
वंचित बहुजन आघाड़ी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि बंद का आह्वान शांतिपूर्ण था, लेकिन पुलिस विभिन्न स्थानों से पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले रही है और उन्हें रोक रही है। पार्टी प्रमुख प्रकाश अंबेडकर ने भी एक 'एक्स' पोस्ट में लिखा, "सरकार ने पुलिस के माध्यम से दमन और भय का वातावरण निर्मित किया है। छात्रों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।"
छात्रों के भविष्य का सवाल: अंबेडकर
दिल्ली में हुए प्रदर्शन के संदर्भ में प्रकाश अंबेडकर ने कहा कि यह सरकार छात्रों का भविष्य और उनके कीमती साल बर्बाद करने की कोशिश कर रही है, इसीलिए वे यह मुद्दा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा, "अगली पीढ़ी का भविष्य दांव पर लगा है। भाजपा हमेशा मेरिट की बात करती है, लेकिन जब पेपर लीक होता है, तो सबसे अधिक नुकसान मेरिट का ही होता है। इसके बावजूद, पार्टी पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने को तैयार नहीं है।"
पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी
बंद के आह्वान के बीच मुंबई पुलिस ने वंचित बहुजन आघाड़ी के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को नोटिस भी जारी किए। अधिकारियों के अनुसार, पुलिस प्रशासन ने बंद के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की थी और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी। पुलिस के नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई थी कि कानून-व्यवस्था भंग करने, जबरन बंद कराने या किसी भी अवैध गतिविधि में शामिल होने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस नोटिस पर प्रतिक्रिया देते हुए वंचित बहुजन महिला आघाड़ी की मुंबई क्षेत्रीय अध्यक्ष स्नेहल सोहनी ने कहा, "वंचित बहुजन अघाड़ी की ओर से आयोजित हर आंदोलन से पहले हमें पुलिस के नोटिस मिलते हैं। पुलिस ने ऐसा करके आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की है, लेकिन वंचित बहुजन अघाड़ी किसी से नहीं डरती।"
इनपुट: IANS



