सोमवार, 3 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
उत्तराखण्ड

उत्तराखंड: बिटकॉइन फ्रॉड मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 8.54 करोड़ की संपत्ति कुर्क

उत्तराखंड में निवेशकों को बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी…

उत्तराखंड: बिटकॉइन फ्रॉड मामले में ED की बड़ी कार्रवाई, 8.54 करोड़ की संपत्ति कुर्क
(फोटो: IANS)

उत्तराखंड में निवेशकों को बिटकॉइन में मोटे मुनाफे का झांसा देकर करोड़ों की ठगी करने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक और बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, ईडी ने आरोपी हेमंत ईश्वर शर्मा की 8.54 करोड़ रुपये की अतिरिक्त संपत्ति को अस्थायी रूप से कुर्क कर लिया है। यह कुर्की धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 के प्रावधानों के तहत की गई है। आरोपी फिलहाल देहरादून की सिद्दोवाला जेल में बंद है।

विज्ञापन

ईडी की जांच का आधार देहरादून के राजपुर पुलिस स्टेशन और उधम सिंह नगर के दिनेशपुर थाने में दर्ज हुई दो अलग-अलग एफआईआर थीं। इन एफआईआर में हेमंत ईश्वर शर्मा पर अपनी वेबसाइट 'बीटीसीफंड.आईएस' (BTCFund.is) के जरिए आम लोगों से धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया गया था। यह वेबसाइट आइसलैंड में पंजीकृत थी।

ऐसे दिया धोखाधड़ी को अंजाम

जांच में सामने आया कि शर्मा ने लगभग पांच साल (2014-18) तक यह फर्जी निवेश योजना चलाई। वह अपनी वेबसाइट के माध्यम से लोगों को बिटकॉइन में निवेश करने के लिए उकसाता था और बदले में भारी रिटर्न का वादा करता था। निवेशकों का भरोसा जीतने के लिए उसने यह झूठा प्रचार भी किया कि उसकी कंपनी के साथ कई विदेशी नागरिक जुड़े हैं, जिससे यह योजना अंतरराष्ट्रीय स्तर की और विश्वसनीय लगे।

उसके झांसे में आकर देशभर के कई लोगों ने इस प्लेटफॉर्म पर निवेश किया। जब शर्मा ने अच्छी-खासी मात्रा में बिटकॉइन जमा कर लिए, तो उसने अचानक वेबसाइट बंद कर दी, जिससे निवेशकों के करोड़ों रुपये डूब गए।

अपराध की कमाई से खरीदी लग्जरी गाड़ियां और बंगला

ब्लॉकचेन विश्लेषण से पता चला कि आरोपी ने धोखाधड़ी से करीब 856.23 बिटकॉइन हासिल किए थे, जिनकी कीमत लगभग 200 करोड़ रुपये आंकी गई है। ईडी के मुताबिक, हेमंत शर्मा की कमाई का कोई दूसरा ज्ञात जरिया नहीं था, फिर भी वह एक बेहद आलीशान जीवन जी रहा था। उसने इन पैसों का इस्तेमाल रियल एस्टेट, लग्जरी गाड़ियां खरीदने और अपने घर के नवीनीकरण पर किया। उसके पास से दो बीएमडब्ल्यू कारें, देहरादून के एक पॉश इलाके में बंगला और आसपास के क्षेत्रों में करोड़ों की कई अचल संपत्तियां मिली हैं। इससे पहले भी ईडी आरोपी की 4.56 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति कुर्क कर चुकी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social उत्तराखंड डेस्क

News4Social उत्तराखंड डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से उत्तराखंड से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →