UP Weather Update: नोएडा से लेकर देहरादून तक बारिश, लखनऊ और पूर्वांचल में बरसेंगे बादल, यूपी के मौसम का हाल

71

UP Weather Update: नोएडा से लेकर देहरादून तक बारिश, लखनऊ और पूर्वांचल में बरसेंगे बादल, यूपी के मौसम का हाल

लखनऊ: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में मौसम का अंदाज बदला-बदला सा है। राजधानी दिल्ली और एनसीआर में हुई बारिश का असर नजर आ रहा है। इससे तप रहे मैदानी इलाके में लोगों को राहत का अहसास हो रहा है। ठंडी-ठंडी पूरबा हवाओं ने सुकून दिया। सोमवार को लखनऊ से लेकर पूर्वांचल और पश्चिमी प्रदेश तक के इलाकों में आसमान में बादल (UP Weather) बरस सकते हैं। हल्की हवा से लोगों को पिछले एक महीने से चल रही लू के माहौल से मुक्ति मिली है। आज लखनऊ में दोपहर के बाद गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

गाजियाबाद (Ghaziabad) से लेकर नोएडा (Noida) तक सोमवार को मौसम में बदलाव आया है। राजधानी लखनऊ में सुबह से आसमान में बादल घिरे हुए हैं। ह्यूमिडिटी के 70 फीसदी पार जाने के कारण लोगों को सुबह में ठंडक का अहसास हुआ। करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हवा लोगों को एक बेहतर अहसास दिला रही है। नोएडा, गाजियाबाद सहित पश्चिमी इलाके में अगले दो दिनों तक बारिश की संभावना है।

सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 36 डिग्री रहने की संभावना जताई गई है। वहीं न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। सोमवार को राजधानी में तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। गुरुवार तक राजधानी के लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। इसके बाद फिर से एक बार गर्मी बढ़ने की उम्मीद है। शुक्रवार तक तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है।

झांसी, आगरा, मेरठ से लेकर उत्तराखंड में हरिद्वार और देहरादून तक बादल के साथ बरसात हो सकती है। वहीं कासगंज में मौसम ठंडा हो गया है। यहां गर्मी में सर्दी का एहसास हो रहा है। तेज हवाओं के साथ रुक रुककर बारिश शुरू हुई। घने बादलों के बीच हल्की बारिश और तेज़ हवाओं के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। गोरखपुर में अधिकतम और न्यूनतम तापमान 34 डिग्री और 25 डिग्री रह सकता है। वहीं वाराणसी में 37 डिग्री और 27 डिग्री पारा रहेगा। दोनों ही जगहों पर शाम को हल्की बारिश दर्ज की जा सकती है।

तेज हवाओं के साथ सुबह से ही हो रही बारिश ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा के तापमान को गिरा दिया है और मौसम सुहाना हो गया है एक महीने से लगातार पड़ रही भीषण गर्मी से भी लोगों को राहत मिली है। वहीं रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण प्रदूषण के स्तर मे गिरावट आई है लेकिन यह अभी भी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार 2 से 3 दिन तक मौसम के ऐसे बने रहने की संभावना है और बारिश होगी।

एक महीने से भीषण गर्मी की मार झेल रहे नोएडा, ग्रेटर नोएडा वासियों को अचानक बदलाव से राहत मिली। यहाँ का तापमान भी 45 डिग्री तक पहुंच गया था, तेज धूप के कारण लोग बाहर निकलने से बच रहे थे, लेकिन अचानक मौसम ने करवट ली, शनिवार शाम आंधी के साथ से ही छुटपुट बारिश शुरू हो गई लेकिन रविवार को बादलों की केवल आवाजाही रही आज सुबह से ही तेज आंधी के साथ हो रही बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आई है। तेज हवाओं के साथ बारिश से यमुना एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी लेकर निकले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News