UP Congress: पुराने वोट बैंक की तरफ लौटी कांग्रेस, प्रांतीय अध्‍यक्षों के जरिये मजबूत जाति समीकरण साधने की कोशिश

69
UP Congress: पुराने वोट बैंक की तरफ लौटी कांग्रेस, प्रांतीय अध्‍यक्षों के जरिये मजबूत जाति समीकरण साधने की कोशिश

UP Congress: पुराने वोट बैंक की तरफ लौटी कांग्रेस, प्रांतीय अध्‍यक्षों के जरिये मजबूत जाति समीकरण साधने की कोशिश

लखनऊ: कांग्रेस उत्तर प्रदेश में एक बार फिर अपने किले को मजबूत करने की कोशिश में जुट गई है। हाल में यूपी विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस का अध्यक्ष पद खाली चल रहा था। कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर बृजलाल खाबरी की नियुक्ति की गई है। कांग्रेस इनके जरिए दलित वोट बैंक साधने की तैयारी कर रही है। यही नहीं कांग्रेस ने यूपी में 6 प्रांतीय अध्यक्षों की भी नियुक्ति की है। इसमें दो ब्राह्मण, एक मुस्लिम, एक भूमिहार और पिछड़ी जाति से दो चेहरे शामिल हैं। ऐसा करके कांग्रेस एक बार फिर अपने पुराने वोट बैंक की तरफ लौट रही है।

यूपी विधानसभा चुनाव में हार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने जिम्मेदारी लेते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद करीब 6 महीने से यह पद खाली था। लंबे समय के बाद कांग्रेस ने बृजलाल खाबरी के जरिए जनता को नया संदेश देने की कोशिश की है। यही नहीं 6 प्रांतीय अध्यक्ष में पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक व मंत्री अजय राय, नकुल दुबे, फरेंदा विधायक विरेंद्र चौधरी, अनिल यादव और योगेश दीक्षित को शामिल किया है। नकुल दुबे और योगेश दीक्षित के जरिए ब्राह्मण वोट बैंक साधने की तैयारी की जा रही है। वहीं अजय राय को जगह देकर कांग्रेस भूमिहार वोट बैंक साधेगी। दूसरी तरफ अनिल यादव से ओबीसी और विरेंद्र चौधरी से गैर यादव ओबीसी वोट बैंक का संतुलन बनेगा।

मायावती और अखिलेश के लिए होगी चुनौती
माना जा रहा है कि कांग्रेस यूपी में मायावती और अखिलेश यादव के लिए मुश्किल खड़ी कर सकती है। मायावती को कोर दलित वोट बैंक और अखिलेश यादव के कोर यादव वोट बैंक में कांग्रेस सेंधमारी कर सकती है। इसके लिए कांग्रेस ने बृजलाल खाबरी और अनिल यादव पर दांव खेला है।

प्रदेश को 6 हिस्सों में बांटा
यूपी कांग्रेस ने पूरे प्रदेश को 6 हिस्सों में बांट दिया है। पश्चिम, ब्रज, अवध, बुंदेलखंड, प्रयाग और पूर्वांचल। यह बंटवारा राजनीतिक-सांस्कृतिक आधार पर किया गया है। हर जोन पर राष्ट्रीय सचिवों की तैनाती पहले ही महासचिव प्रियंका गांधी ने कर दी है। अब हर जोन पर एक प्रांतीय अध्यक्ष होगा। यूपी कांग्रेस ने अपने संगठन को जमीन पर मजबूत करने के लिए यह सांगठनिक बंटवारा किया है। माना जा रहा है कि प्रांतीय अध्यक्षों का कार्यक्षेत्र भी उनके जातीय आधार पर बांटा जाएगा। सूत्रों की माने तो पूर्वांचल में वीरेंद्र चौधरी, प्रयाग में अजय राय, अवध में नकुल दुबे, ब्रज में यादवलैंड से आने वाले अनिल यादव और बुंदेलखंड में योगेश दीक्षित को जिम्मेदारी दी जाएगी।

कांग्रेस की नई टीम के पास है अच्छा अनुभव
यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष और प्रांतीय अध्यक्षों के पास संगठन का एक लंबा अनुभव रहा है। सिर्फ इतना ही नहीं बृजलाल खाबरी, नकुल दुबे, अजय राय, नसीमुद्दीन सिद्दीकी और विरेंद्र चौधरी के पास चुनावी राजनीति का लंबा अनुभव भी रहा है। दूसरी तरफ योगेश दीक्षित और अनिल यादव के पास एनएसयूआई और यूथ कांग्रेस के संगठन की मजबूत पृष्टभूमि रही है।

राजनीति की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – राजनीति
News