यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला: रिहायशी इलाकों में 70 से ज़्यादा मिसाइलें दागीं, 13 लोगों की मौत
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया है कि रूस ने देश के कई शहरों पर एक बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया है, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 90 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। समाच
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया है कि रूस ने देश के कई शहरों पर एक बड़ा मिसाइल और ड्रोन हमला किया है, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 90 से ज़्यादा लोग घायल हो गए हैं। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, इन हमलों में जानबूझकर रिहायशी इमारतों, एक होटल और यहाँ तक कि एक एंबुलेंस स्टेशन को भी निशाना बनाया गया।
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी दी कि रात भर चले इस हमले में रूस ने 70 से अधिक विभिन्न प्रकार की मिसाइलें और लगभग 500 हमलावर ड्रोन का इस्तेमाल किया। उन्होंने बताया कि दागी गई मिसाइलों में से लगभग आधी बैलिस्टिक मिसाइलें थीं। यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली ने कई मिसाइलों और ड्रोनों को मार गिराया, लेकिन सभी को रोकना संभव नहीं हो सका।
राजधानी कीव पर सबसे बड़ा हमला
इस हमले का मुख्य निशाना राजधानी कीव थी, जहाँ बचाव दल अभी भी मलबे में दबे लोगों की तलाश कर रहे हैं। जेलेंस्की के मुताबिक, शहर में 20 से ज़्यादा जगहों पर नुकसान हुआ, जिनमें ज़्यादातर आम लोगों के घर हैं। कीव के अलावा खारकीव क्षेत्र में भी एक बच्चे सहित पाँच लोग घायल हुए। वहीं कीव क्षेत्र में दो अन्य लोगों के घायल होने और नागरिक ठिकानों को नुकसान पहुँचने की खबर है। रूस ने सूमी, नीपर, जापोरिज्जिया और चेर्कासी क्षेत्रों पर भी हमले किए।
अधिक एयर डिफेंस सिस्टम की अपील
इस हमले के बाद राष्ट्रपति जेलेंस्की ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय सहयोगियों से और अधिक एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति की तत्काल आवश्यकता पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, "एयर डिफेंस सिस्टम की आपूर्ति सबसे ज़्यादा जरूरी और बेहद अहम है।" जेलेंस्की ने उम्मीद जताई कि अमेरिका पैट्रियट सिस्टम से जुड़े लाइसेंस पर सकारात्मक फैसला करेगा और साझेदार देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते इस तरह के हमलों को रोकने में मदद करेंगे। उन्होंने यूक्रेन की मदद करने वाले सभी नेताओं का आभार भी व्यक्त किया।
इनपुट: IANS



