टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: टीवी की खबरों पर थी हैंडलर की नजर, शूटरों को दे रहा था पुलिस की हर हरकत की जानकारी
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शूटर अपने हैंडलर…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई पुलिस की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, शूटर अपने हैंडलर के साथ लगातार संपर्क में थे और उन्हें टीवी समाचारों पर नजर रखकर पुलिस की हर गतिविधि की जानकारी दी जा रही थी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि हमलावरों को फोन कॉल और मैसेज के जरिए लगातार निर्देश मिल रहे थे। जब 18 अक्टूबर को हुई इस फायरिंग से जुड़े वीडियो और व्लॉगर्स के फुटेज टीवी चैनलों पर दिखाए जाने लगे, तो आरोपियों के चेहरे सामने आ गए। इसके तुरंत बाद, एक आरोपी रेहान अंसारी को मैसेज भेजकर वहां से भागने की चेतावनी दी गई।
लगातार बदल रहे थे लोकेशन और गाड़ियां
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि शूटरों को पल-पल की अपडेट दी जा रही थी कि पुलिस उनकी पहचान और लोकेशन के कितने करीब पहुंच चुकी है। इसी जानकारी के आधार पर वे अपनी यात्रा के साधन लगातार बदल रहे थे। घटना के बाद तीनों आरोपी बाइक से भागे, लेकिन बाद में ट्रेन और कैब का इस्तेमाल करते हुए अलग-अलग जगहों पर पहुंचे। पुलिस को शक है कि कोई व्यक्ति लगातार टीवी चैनलों पर नजर रखकर यह सारी जानकारी शूटरों तक पहुंचा रहा था।
एजेंसी के अनुसार, आरोपियों ने पुलिस की पकड़ से बचने के लिए मोबाइल नेटवर्क की जगह इंटरनेट-आधारित कॉलिंग का इस्तेमाल किया, जिससे उन्हें ट्रैक करना मुश्किल हो गया। हालांकि, एक कैब ड्राइवर को की गई सामान्य फोन कॉल ही उनके लिए भारी पड़ गई और पुलिस को उनकी गतिविधियों का सुराग मिल गया। इसी सुराग के आधार पर मुंबई पुलिस की सूचना पर तीनों को राजस्थान के कोटा में एक ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया।
अब तक 10 गिरफ्तार, टाइगर श्रॉफ सदमे में
इस मामले में अब तक कुल 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। फायरिंग के मुख्य तीन आरोपी — फूल सिंह (18), रेहान रहीसुद्दीन अंसारी (18) और ऋतिक महतो (22) — 31 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस को संदेह है कि रेहान को निर्देश देने वालों में अमेरिका में मौजूद अनिल पंडित या सोनीपत से गिरफ्तार अंकित खटक और समीर खत्री की भूमिका हो सकती है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद टाइगर श्रॉफ बेहद सदमे में थे। उन्होंने पुलिस से कहा, "मैं इस घटना से बहुत शॉक में हूं, मैंने कभी सोचा तक नहीं था कि मेरी गाड़ी पर इस तरह से हमला होगा। मेरी किसी से दुश्मनी तक नहीं, ये कौन लोग थे, क्यों फायरिंग की और किसने कराया, कुछ पता नहीं।" इसी वजह से क्राइम ब्रांच ने अभी तक उनका आधिकारिक बयान दर्ज नहीं किया है, जिसे जल्द ही पूरा किया जाएगा।
इनपुट: IANS



