मुंबई: जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने के शक में एक इत्र विक्रेता गिरफ्तार, ATS की बड़ी कार्रवाई
मुंबई के माहिम इलाके से महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने के संदेह में 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के…
मुंबई के माहिम इलाके से महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधी दस्ते (ATS) ने प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से संबंध रखने के संदेह में 33 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आरोपी की पहचान मोहम्मद हसन अबू सरमद अख्तर के रूप में हुई है, जो इत्र बेचने और रैपिडो राइडर के तौर पर काम करता था।
एटीएस की कालाचौकी यूनिट ने एक खुफिया जानकारी के आधार पर उसे माहिम मेट्रो स्टेशन के पास से पकड़ा। जांच एजेंसी का आरोप है कि आरोपी अपनी नौकरी की आड़ में कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा दे रहा था। वह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का इस्तेमाल कर सांप्रदायिक नफरत और देश विरोधी भावनाएं फैलाने की कोशिश कर रहा था। जांच टीम को उसके मोबाइल फोन से इससे जुड़ी सामग्री भी मिली है।
टेलीग्राम पर फैला रहा था नफरत
जांच के मुताबिक, मोहम्मद हसन एक टेलीग्राम ग्रुप चलाता था, जिस पर उसने 1 जून को जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर के भड़काऊ ऑडियो भाषण अपलोड किए थे। ये भाषण बाबरी मस्जिद समेत अन्य मुद्दों से संबंधित थे। एटीएस ने यह भी दावा किया है कि वह 'इब्न-ए-कासिम' नाम के एक पाकिस्तान समर्थित चरमपंथी टेलीग्राम चैनल का भी सक्रिय सदस्य था।
राज्यव्यापी जांच का हिस्सा
यह गिरफ्तारी एटीएस की उस बड़ी जांच का हिस्सा है जिसके तहत 14 अक्टूबर को महाराष्ट्र में पांच अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की गई थी। उस दौरान कई लोगों से पूछताछ हुई थी। एजेंसी को एक अंतरराष्ट्रीय वॉट्सऐप ग्रुप का भी पता चला था, जिसमें पाकिस्तान और खाड़ी देशों समेत कई देशों के लोग शामिल थे। इसी सिलसिले में रत्नागिरी जिले के राजापुर में एक शिक्षक से भी घंटों पूछताछ की गई थी, हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया था।
इनपुट: IANS



