शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 · नई दिल्ली
अपराध

छत्तीसगढ़: सुकमा में विस्फोटक निष्क्रिय करते समय हादसा, CRPF के 4 जवान घायल, दो की हालत गंभीर

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार को एक अभियान के दौरान हुए हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब एक विशेष टीम जब्त किए गए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके…

छत्तीसगढ़: सुकमा में विस्फोटक निष्क्रिय करते समय हादसा, CRPF के 4 जवान घायल, दो की हालत गंभीर
(फोटो: IANS)

छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में गुरुवार को एक अभियान के दौरान हुए हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के चार जवान घायल हो गए। यह घटना तब हुई जब एक विशेष टीम जब्त किए गए विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर रही थी। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, घायलों में से दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं और सभी का इलाज चल रहा है।

विज्ञापन

यह हादसा कोंटा क्षेत्र के भेज्जी थाना अंतर्गत एलार्मडगु कैंप के पास हुआ। जिला प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के मुताबिक, CRPF की 50वीं वाहिनी की एक एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) विभिन्न कैंपों से एकत्र किए गए पुराने और बचे हुए विस्फोटकों को निष्क्रिय करने के लिए पहुंची थी।

कैसे हुआ यह हादसा?

टीम एलार्मडगु कैंप से लगभग 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाले के पास सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विस्फोटकों को निष्क्रिय कर रही थी। इसी प्रक्रिया के दौरान, एक विस्फोटक का टुकड़ा उड़कर पास में आ गिरा और फट गया। इस अचानक हुए ब्लास्ट की चपेट में आकर सुरक्षा और निष्क्रियकरण कार्य में लगे चार जवान घायल हो गए।

गंभीर रूप से घायल जवानों की पहचान ATT टीम के एएसआई एम. के. तिवारी और 50वीं वाहिनी के एएसआई अनीश खान के रूप में हुई है। वहीं, ATT के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को मामूली चोटें आई हैं।

घायलों का इलाज जारी

घटना के फौरन बाद सभी घायल जवानों को कोंटा के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। बाद में, बेहतर इलाज के लिए सभी को तेलंगाना के भद्राचलम स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, जरूरत पड़ने पर गंभीर रूप से घायल जवानों को उच्च चिकित्सा संस्थान में रेफर करने की भी तैयारी है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।

मुख्यमंत्री ने दुख जताया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "सुकमा जिले के कोंटा क्षेत्र के एलाड़मड़गु कैंप के समीप आईईडी को निष्क्रिय करने के दौरान सीआरपीएफ के चार जवानों के घायल होने की सूचना अत्यंत दुखद है। घायल जवानों का समुचित उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। ईश्वर से सभी जवानों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।"

इनपुट: IANS

N

News4Social क्राइम डेस्क

News4Social क्राइम डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अपराध और कानून से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →