Shivpal Vs Akhilesh: शिवपाल की पार्टी ने सपा पर लगाया विश्वासघात का आरोप, अकेले निकाय चुनाव लड़ने का ऐलान

103

Shivpal Vs Akhilesh: शिवपाल की पार्टी ने सपा पर लगाया विश्वासघात का आरोप, अकेले निकाय चुनाव लड़ने का ऐलान

सुमित शर्मा, कानपुर: उत्तर प्रदेश में प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव निकाय और लोकसभा चुनाव का खाका तैयार कर रहे हैं। यूपी में होने वाले निकाय चुनाव पीएसपी अकेले लड़ने की तैयारी कर रही है। निकाय चुनाव 2022 में पीएसपी के कैंडिडेट एसपी प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर देंगे। पीएसपी ने यूपी विधानसभा चुनाव में एसपी पर विश्वासघात का आरोप लगाया है। पीएसपी से गठबंधन के नाम एसपी ने सिर्फ एक टिकट शिवपाल सिंह यादव को दी थी।

पार्टी का कहना है कि पीएसपी अब विधानसभा वाली गलती को नहीं दोहराएगी। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी लोहिया (प्रसपा) के मुखिया शिवपाल सिंह यादव विधानसभा चुनाव में गठबंधन करना चाहते थे। शिवपाल को पूरी उम्मीद थी कि एसपी और पीएसपी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे। गठबंधन के लिए शिवपाल सिंह ने पूरी पार्टी को कुर्बान कर दिया। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने शिवपाल का साथ छोड़ दिया लेकिन विधानसभा चुनाव में धोखा खाने के बाद पीएसपी मुखिया ने अकेले निकाय चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

युवा सोच के साथ बढ़ेगी पार्टी
पीएसपी अपनी जमीन मजबूत करने के लिए निकाय चुनाव को मजबूती से लड़ने जा रही है। पीएसपी के प्रदेश सचिव और महानगर अध्यक्ष आशीष चौबे ने एलान किया है कि पीएसपी यूपी निकाय चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। प्रसपा राष्ट्रवाद पर काम करते हुए आगे बढ़ेगी। उन्होने कहा कि एसपी से गठबंधन में सपा ने हमारे साथ विश्वासघात किया है। जिसका परिणाम आज वो सत्ता से बाहर है। पीएसपी के साथ बड़ी संख्या में युवाओं की फौज जुड़ रही है। युवा कार्यकर्ताओं ने पार्टी में जोश भरने का काम किया है। पार्टी अब युवा सोंच के साथ आगे बढ़ रही है।

पीएसपी 110 वार्डों में उतारेगी प्रत्याशी
आशीष चौबे ने कहा कि निकाय चुनाव हमें जमीन में अपनी पहचान साबित करने का मौका देंगे। निकाय चुनाव जमीनी स्तर का चुनाव माना जाता है। यदि कानपुर की बात की जाए तो पीएसपी कानपुर के 110 वार्डों में अपने प्रत्याशियों को उतारेंगी। निकाय चुनाव की तैयारियों के लिए हमने वोटरों से संवाद करना भी शुरू कर दिया है। सभी वार्डों के प्रतिभाशाली व्यक्तियों से संपर्क किया जा रहा है। प्रतिष्ठित और प्रभावशाली लोग वार्डों में पार्टी का नेतृत्व करेंगे। जिससे संगठन को मजबूती मिलेगी, और आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए बल मिलेगा।

सीएम की तारीफ
आशीष चौबे ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों को चिन्हित कर उनकी संपत्ति की जांच कराने के लिए शिवपाल सिंह मुख्यमंत्री से मिलेंगे। भ्रष्टाचार अब एक बड़ी समस्या बन गई है। बिजली विभाग में अफसरों और कर्मचारियों द्वारा चेकिंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। यह चिंता का विषय है पार्टी सरकार की जनहित की नीतियों पर प्रशंसा भी करती है। लेकिन जन विरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतर कर संघर्ष भी करेगी। यह भी सच है प्रदेश के मुख्यमंत्री ईमानदार हैं, वह लगातार प्रदेश के विकास के लिए प्रयत्नशील है। लेकिन यह भ्रष्ट नौकरशाह मुख्यमंत्री के इरादों पर पानी फेरने का काम कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश की और खबर देखने के लिए यहाँ क्लिक करे – Uttar Pradesh News