धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सही, अब लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों पर हो कार्रवाई: मायावती
NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक उचित कदम बताया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह फैसला पहले ही ले लिया…
NEET-UG पेपर लीक विवाद के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने एक उचित कदम बताया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह फैसला पहले ही ले लिया जाना चाहिए था। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, मायावती ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की भी निंदा की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बसपा सुप्रीमो ने कहा कि छात्रों और युवाओं के देशव्यापी आंदोलन के चलते शिक्षा मंत्री का इस्तीफा देना एक सही फैसला है, जो अगर पहले हो जाता तो बेहतर होता। उन्होंने केंद्र सरकार से अपेक्षा की कि जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे निहत्थे छात्र-छात्राओं पर "बरबर्तापूर्वक लाठी-डंडों" से हमला करने वाले पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, जिससे बड़ी संख्या में युवा गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
पुलिसकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
मायावती ने विशेष रूप से उन पुरुष पुलिसकर्मियों को चिन्हित करने पर जोर दिया जिन्होंने कथित तौर पर प्रदर्शनकारी लड़कियों के साथ "बेहूदा व शर्मनाक बदसलूकी" और बल प्रयोग किया। उन्होंने मांग की कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के साथ-साथ आपराधिक मामला भी चलाया जाए ताकि भविष्य में कोई ऐसी "घिनौनी हरकत" करने की हिम्मत न कर सके।
प्रदर्शनकारियों से मुकदमे वापसी की अपील
इसके अलावा, मायावती ने सरकार से आंदोलन कर रहे सभी छात्रों और युवाओं के खिलाफ दर्ज की गई FIR या शिकायतों को तत्काल वापस लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं को थानों और अदालतों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे और उनका भविष्य खराब होने से बचेगा, जिससे देश में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाने में मदद मिलेगी। अपने बयान में उन्होंने आंदोलनकारियों को सलाह दी कि वे किसी भी राजनीतिक दल को अपने संघर्ष का राजनीतिकरण न करने दें और अपने भविष्य को भी सुरक्षित रखें।
गौरतलब है कि देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में कथित पेपर लीक को लेकर पिछले कई हफ्तों से देशभर में विरोध प्रदर्शन चल रहे थे। विभिन्न छात्र संगठनों और 'कॉकरोच जनता पार्टी' (सीजेपी) केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे, जिसके बाद शनिवार को उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
इनपुट: IANS



