बंगाल की खाड़ी: डूबे जहाज़ के 22 सदस्य अब भी लापता, तलाश अभियान में मिली खाली लाइफबोट
बंगाल की खाड़ी में डूबे मालवाहक जहाज 'एमवी ओशन विनर' के 22 लापता सदस्यों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना का संयुक्त अभियान जारी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस तलाशी अभियान के दौरान…
बंगाल की खाड़ी में डूबे मालवाहक जहाज 'एमवी ओशन विनर' के 22 लापता सदस्यों की तलाश के लिए भारतीय तटरक्षक बल और नौसेना का संयुक्त अभियान जारी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस तलाशी अभियान के दौरान 25 अगस्त की सुबह एक खाली लाइफबोट मिली है, लेकिन चालक दल का कोई सदस्य उसमें नहीं था।
पनामा के झंडे वाला यह जहाज 24 सदस्यीय चालक दल के साथ समुद्र में डूब गया था। इनमें से दो सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि 22 अभी भी लापता हैं। लापता क्रू में 20 चीन, 3 म्यांमार और एक बांग्लादेश के नागरिक शामिल हैं।
तलाशी अभियान तेज
लापता सदस्यों को खोजने के लिए भारतीय तटरक्षक बल ने चीन के समुद्री बचाव समन्वय केंद्र (एमआरसीसी) बीजिंग के साथ तालमेल बिठाते हुए खोज और बचाव अभियान तेज कर दिया है। तटरक्षक पोत आईसीजीएस वरद क्षेत्र में मौजूद अन्य व्यापारिक जहाजों के साथ मिलकर बड़े पैमाने पर तलाशी कर रहा है।
अभियान के दौरान एक नौसैनिक विमान को संकट का संकेत मिला, जिसके बाद उसने आईसीजीएस वरद को उस स्थान की ओर भेजा। मौके पर पहुँचने पर एक आपातकालीन सिग्नलिंग उपकरण बरामद हुआ, जिसकी पहचान एमवी ओशन विनर के उपकरण के रूप में की गई। इसी के बाद आईसीजीएस वरद को जहाज की लाइफबोट भी दिखाई दी, जो खाली थी।
तटरक्षक बल ने कहा है कि लापता चालक दल के सदस्यों का पता लगाने के लिए अभियान पूरी गंभीरता से जारी है और तलाशी के दायरे को बढ़ाने के लिए अतिरिक्त संसाधन भी तैनात किए जा रहे हैं।
इनपुट: IANS



