रक्षाबंधन पर महिलाओं को तोहफा: बिहार और राजस्थान में रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा
रक्षाबंधन के त्योहार को बहनों के लिए और खास बनाने के लिए बिहार और राजस्थान की सरकारों ने एक विशेष पहल की है। दोनों राज्यों में महिलाओं को सरकारी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, ताकि…
रक्षाबंधन के त्योहार को बहनों के लिए और खास बनाने के लिए बिहार और राजस्थान की सरकारों ने एक विशेष पहल की है। दोनों राज्यों में महिलाओं को सरकारी रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है, ताकि वे आसानी से अपने भाइयों के घर पहुंच सकें। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस घोषणा के बाद बस स्टैंडों पर महिला यात्रियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।
बिहार में यह सुविधा 27 और 28 अगस्त (रात 10 बजे तक) के लिए लागू की गई है, जिसमें महिलाएं एसी और नॉन-एसी, दोनों तरह की सरकारी बसों में बिना कोई किराया दिए सफर कर सकती हैं। पटना सहित राज्य के अन्य बस अड्डों पर इस सुविधा का लाभ उठाने वाली महिलाओं की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है।
यात्रियों ने की सरकार की सराहना
इस फैसले पर खुशी जताते हुए एक महिला यात्री ने कहा, “रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा की सुविधा दी जा रही है। यह बहुत अच्छी बात है। इससे महिलाओं को काफी मदद मिल रही है।”
वहीं राजस्थान में भी जयपुर के सिंधी कैंप जैसे प्रमुख बस स्टैंडों पर बड़ी संख्या में महिलाएं सफर करती नजर आईं। हालांकि, कुछ लोगों ने भारी भीड़ और व्यवस्थाओं पर चिंता भी जाहिर की। एक महिला ने इस सुविधा को फायदेमंद बताते हुए कहा, “बस में मुझे अच्छी सुविधाएं मिलती हैं और आज सेवा मुफ्त है। इसलिए मैं अपने भाई से मिलने और रक्षाबंधन मनाने जा रही हूं। आज कोई किराया नहीं लग रहा है।” अलवर जा रही एक अन्य महिला ने भी इसे सरकार की अच्छी पहल बताया।
परिवहन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, दोनों राज्यों में इस कदम से त्योहार के मौके पर महिलाओं को न केवल आर्थिक राहत मिली है, बल्कि सुरक्षित यात्रा का एक विकल्प भी उपलब्ध हुआ है।
इनपुट: IANS



