रांची-टाटा हाईवे पर महिला कामगारों का प्रदर्शन, वेतन और सुरक्षा की मांगों को लेकर सड़क जाम
रांची में रेडीमेड कपड़े बनाने वाली एक कंपनी की महिला कर्मचारियों ने अपने वेतन, काम के घंटे और सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर बुधवार को एक बड़ा प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
रांची में रेडीमेड कपड़े बनाने वाली एक कंपनी की महिला कर्मचारियों ने अपने वेतन, काम के घंटे और सुरक्षा से जुड़ी मांगों को लेकर बुधवार को एक बड़ा प्रदर्शन किया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इन महिला कामगारों ने अपनी आवाज़ प्रशासन तक पहुँचाने के लिए रांची-टाटा राष्ट्रीय राजमार्ग-33 को जाम कर दिया, जिससे सड़क पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं।
यह मामला रांची के दशमफॉल थाना क्षेत्र के पांचा स्थित ऑबर्न डिजाइन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का है। प्रदर्शनकारी महिला कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन श्रम विभाग के नियमों का खुलेआम उल्लंघन कर रहा है और विरोध करने पर कार्रवाई की धमकी दी जाती है। प्रबंधन के इसी रवैये से नाराज़ होकर महिलाएँ बुधवार सुबह करीब नौ बजे सड़क पर उतर आईं और मुख्य मार्ग पर बैठकर नारेबाजी करने लगीं।
प्रशासन की कोशिशें और यातायात पर असर
इस सड़क जाम के कारण रांची और जमशेदपुर के बीच यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुँचे। उन्होंने प्रदर्शनकारी महिलाओं से बातचीत कर उन्हें समझाने और सड़क खाली कराने की कोशिश की।
प्रदर्शनकारी महिलाओं ने साफ़ किया कि जब तक उनकी माँगें पूरी नहीं हो जातीं, उनका आंदोलन जारी रहेगा। खबर लिखे जाने तक, प्रशासन की मध्यस्थता में कंपनी प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत चल रही थी, लेकिन सड़क पर यातायात सामान्य नहीं हो सका था। कंपनी की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इनपुट: IANS



