बहराइच: पुलिस चेकिंग के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग, मुठभेड़ में हिस्ट्रीशीटर घायल, तीन गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर गोली लगने से घायल हो गया, जबकि तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना खैरीघाट थाना क्षेत्र में उस वक्त हुई जब पुलिस एक सूचना के आधार पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
पुलिस को खबिर मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग नानपारा जाने वाली सड़क पर चोरी की योजना बना रहे हैं या चोरी का माल बेचने की फिराक में हैं। इसी सूचना पर स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) और खैरीघाट थाने की संयुक्त टीम ने इलाके में चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस पर फायरिंग और जवाबी कार्रवाई
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को आते देखा और उन्हें रुकने का इशारा किया। तभी एक कार से उतरकर एक व्यक्ति ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। बहराइच के पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी।
घायल बदमाश की पहचान खैरीघाट थाने के हिस्ट्रीशीटर सम्भारी के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ तीन दर्जन से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गोली लगने के बाद वह मौके पर ही गिर गया।
तीन गिरफ्तार, दो फरार
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी करते हुए कार में सवार तीन और लोगों को दबोच लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम महेश चौहान, मोहित लाल और अनिल विश्वकर्मा हैं। हालांकि, एक दूसरी कार में सवार दो अन्य बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने में सफल रहे। पुलिस उनकी तलाश के लिए इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक अवैध तमंचा, कारतूस, एक अर्टिगा कार और चोरी किए गए जेवरात व नकदी बरामद की है। गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर चोरी की अन्य वारदातों और उनके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
इनपुट: IANS



