पुणे-सोलापुर हाईवे पर कंटेनर ने डिवाइडर तोड़ा, सामने से आ रहे टेम्पो से टकराया, चालक की मौत
महाराष्ट्र में पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण हादसे में एक टेम्पो चालक की जान चली गई। यह दुर्घटना तब हुई जब एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में घुस गया और…
महाराष्ट्र में पुणे-सोलापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार को एक भीषण हादसे में एक टेम्पो चालक की जान चली गई। यह दुर्घटना तब हुई जब एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में घुस गया और सामने से आ रहे आयशर टेम्पो से जा टकराया। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
यह घटना पुणे के दौंड जिले में हुई। बताया जा रहा है कि सोलापुर की ओर जा रहा कंटेनर अनियंत्रित होकर हाईवे का डिवाइडर पार कर गया और पुणे जाने वाली लेन में चल रहे टेम्पो के लिए काल बन गया। इस टक्कर के बाद कंटेनर की लोहे की चादरें टूटकर सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गईं, जिससे हाईवे पर यातायात थम गया।
घंटों बाधित रहा यातायात
हादसे के कारण पुणे-सोलापुर हाईवे पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों को काफी देर तक मुश्किलों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही टोल प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने सड़क पर बिखरे मलबे को हटाने का काम शुरू किया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात को सामान्य किया जा सका।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले 12 अक्टूबर को बिहार के कटिहार जिले में भी एक गंभीर सड़क हादसा हुआ था। वहाँ पोठिया थाना क्षेत्र में पटसन से लदा एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पानी से भरे गड्ढे में पलट गया था। उस दुर्घटना में सद्दाम हुसैन (35) और मोहम्मद मनीर (59) नाम के दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे।
इनपुट: IANS



