शनिवार, 5 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
पंजाब

पंजाब: पुरानी तस्वीर पर सियासी घमासान, अकाली दल का आरोप- 'AAP सरकार ने 5 करोड़ लेकर दुष्कर्म आरोपी को बचाया'

पंजाब की राजनीति में एक पुरानी तस्वीर को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भ्रष्टाचार के मामलों से ध्यान…

पंजाब: पुरानी तस्वीर पर सियासी घमासान, अकाली दल का आरोप- 'AAP सरकार ने 5 करोड़ लेकर दुष्कर्म आरोपी को बचाया'
(फोटो: IANS)

पंजाब की राजनीति में एक पुरानी तस्वीर को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने आम आदमी पार्टी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह भ्रष्टाचार के मामलों से ध्यान भटकाने के लिए दुष्कर्म के आरोपी गुरी चहल के साथ सुखबीर सिंह बादल की एक पुरानी तस्वीर वायरल कर रही है।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, अकाली दल के मुख्य प्रवक्ता अर्शदीप सिंह कलेर ने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सीधा निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की पत्नी डॉ. गुरप्रीत कौर और उनके साले अमरदीप ग्रेवाल ने 5 करोड़ रुपये की रिश्वत लेकर दुष्कर्म के आरोपी को न केवल बरी करवाया, बल्कि उसे देश से भागने में भी मदद की।

तस्वीर पर अकाली दल की सफाई

वायरल हो रही तस्वीर पर सफाई देते हुए कलेर ने कहा, "यह एक शादी की तस्वीर है, जो दो साल पुरानी है। शादी में कौन किसके साथ पोज दे रहा है, यह कोई मुद्दा नहीं है। कोई भी राजनेताओं के साथ तस्वीर खिंचवा सकता है।" उनका कहना था कि असली मुद्दा पंजाब के गंभीर विषय हैं, जिनसे ध्यान भटकाने की कोशिश हो रही है।

क्या हैं रिश्वतखोरी के आरोप?

अर्शदीप सिंह कलेर ने आरोप लगाया कि मई महीने में पंजाब के छह अलग-अलग जिलों में छह महिलाओं ने गुरी चहल नाम के व्यक्ति के खिलाफ दुष्कर्म के मामले दर्ज करवाए थे। उन्होंने कहा, "पीड़िता का बयान धारा 164 के तहत दर्ज होने के बावजूद, मुख्यमंत्री भगवंत मान की पत्नी और साले द्वारा 5 करोड़ रुपए की रिश्वत लेकर उसे बरी कर दिया गया।"

कलेर ने दावा किया, "ऑडियो में जिक्र है कि पांच महिलाएं न्याय की गुहार लगाने मुख्यमंत्री के पास गई थीं। जो महिलाएं न्याय के लिए मुख्यमंत्री के पास गई थीं—आपने उनकी इज्जत 5 करोड़ रुपए में बेच दी।" उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि किसी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज होने के दो महीने के भीतर वह कैसे बरी होकर देश से बाहर जा सकता है। अकाली दल ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इन आरोपों पर जवाब देने की मांग की है।

इनपुट: IANS

N

News4Social पंजाब डेस्क

News4Social पंजाब डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से पंजाब से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →