PM के दौरे को लेकर लगे विवादित पोस्टर: युवा कांग्रेस ने लिखा-का मोदी जी? अबकी बार मोतिहारी-चनपटिया के चीनी मिल के चीनी के चाय पीके जायेम नु? – Bettiah (West Champaran) News h3>
पूर्वी चंपारण के मोतिहारी में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का दौरा प्रस्तावित है। वे गांधी मैदान में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे, जहां से कई योजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन भी किया जाएगा। चुनावी साल में हो रहे इस दौरे को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र
.
इसी क्रम में पश्चिम चंपारण युवा कांग्रेस ने बेतिया शहर में पोस्टर लगाकर पीएम मोदी पर तीखा तंज कसा है।
युवा कांग्रेस के लगाए गए इस पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने वादों की याद दिलाई गई है। बेतिया शहर के एमजेके कॉलेज के गेट के पास और सर्किट हाउस के बाहर एक पोस्टर लगाया गया है। जिसमें लिखा गया है….
“का मोदी जी? अबकी बार मोतिहारी और चनपटिया के चीनी मिल के चीनी के चाय पीके जायेम नु?” इसके साथ ही पोस्टर में अन्य व्यंग्यात्मक लाइनें भी हैं जैसे “मेरा झूठ”, “सबसे मज़बूत”, “फीकी चाय की दुकान”।
चाय वाले आ रहे हैं पूछ लीजिएगा
कार्टून बनाकर याद दिलाए वादे
इसके अलावा पोस्टर में प्रधानमंत्री मोदी का कार्टून बनाकर दर्शाया गया है। उनके पुराने वादों की ओर इशारा किया गया है, जिनमें उन्होंने चंपारण की बंद पड़ी मोतिहारी और चनपटिया की चीनी मिलों को चालू कराने की बात कही थी। बताया जाता है कि प्रधानमंत्री ने अपने पिछले दौरे में कहा था कि अगली बार जब चंपारण आऊंगा तो यहीं की चीनी से बनी चाय पीऊंगा।
युवा कांग्रेस ने लगाया पोस्टर।
युवा कांग्रेस का यह पोस्टर अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। विपक्ष इसे जनता की भावनाओं का प्रतीक बता रहा है, तो वहीं भाजपा समर्थकों ने इसे चुनावी नौटंकी करार दिया है। चंपारण की जमीन पर अब पोस्टर से लेकर मंच तक सियासी घमासान शुरू हो गया है।
भाजपा जिला प्रवक्ता ने दी प्रतिक्रिया
इस मामले में भाजपा जिला प्रवक्ता वतन केसरी ने प्रतिक्रया दिया है। उन्होंने कहा कि “मैं कांग्रेस के साथियों से पूछना चाहता हूं कि चनपटिया की जो चीनी मिल है, वो आखिर किसके शासनकाल में बंद हुई थी? कृपया इसका जवाब देने का कष्ट करें। आज एनडीए की सरकार ने जिस तरह से बिहार और देश में विकास की गति को तेज किया है, वह अभूतपूर्व है।
विपक्ष के पास आज कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वे बौखलाहट में उलटे-सीधे बैनर-पोस्टर लगाकर केवल अपमानित करने का काम कर रहे हैं। लेकिन जनता अब सब समझती है। इस बार भी जनता उन्हें करारा जवाब देगी और सबक सिखाएगी।”
7196 करोड़ की परियोजनाओं की करेंगे शुरुआत
दरअसल, PM नरेंद्र मोदी आज 18 जुलाई को एक दिवसीय दौरे पर बिहार आ रहे हैं। इस बार PM मोदी बिहार को 7196 करोड़ की परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय की 1173 करोड़ और इलेक्ट्रॉनिक और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की 63 करोड़ की परियोजनाएं शामिल हैं।
मोदी के आगमन पर लगा पोस्टर।
12 हजार लोगों को मिलेगा घर
सबसे अधिक रेलवे की 5398 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के 40 हजार लाभार्थियों को 162 करोड़ ट्रांसफर करेंगे। 12 हजार लाभार्थियों का गृह प्रवेश होगा। जबकि 61 हजार 500 स्वंय सहायता समूह को 400 करोड़ जारी करेंगे।
इसके साथ ही PM यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। 2025 में पीएम का ये पांचवां बिहार दौरा है। इससे पहले ये सीवान, भागलपुर, मधुबनी, पटना, शाहबाद के इलाके में जनसभा को संबोधित कर चुके हैं।



