गुरूवार, 24 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

दिशा सालियान मामला: आदित्य ठाकरे के जवाब पर वकील नीलेश ओझा ने उठाए कई गंभीर सवाल

दिशा सालियान मानहानि मामले में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे की तरफ से भेजे गए जवाब को दिशा के पिता के वकील ने 'भ्रामक और तथ्यहीन' बताया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, वकील नीलेश ओझा…

दिशा सालियान मामला: आदित्य ठाकरे के जवाब पर वकील नीलेश ओझा ने उठाए कई गंभीर सवाल
(फोटो: IANS)

दिशा सालियान मानहानि मामले में शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे की तरफ से भेजे गए जवाब को दिशा के पिता के वकील ने 'भ्रामक और तथ्यहीन' बताया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, वकील नीलेश ओझा ने ठाकरे के जवाब पर असंतोष जताते हुए कहा कि पहले नोटिस पर चुप्पी साधने के बाद अब दूसरे नोटिस पर दिया गया जवाब कई नए सवाल खड़े कर रहा है।

विज्ञापन

वकील नीलेश ओझा ने आदित्य ठाकरे से उनके हलफनामे में दी गई जानकारी, मोबाइल टावर लोकेशन और ड्रग्स कारोबार से जुड़े आरोपों पर सार्वजनिक रूप से स्पष्टीकरण मांगा है। ओझा, दिशा के पिता सतीश सालियान का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

नोटिस के जवाब पर सवाल

नीलेश ओझा ने ठाकरे के जवाब देने के तरीके पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, "पहले नोटिस का जवाब वह नहीं दे पाए क्योंकि हाईकोर्ट ने उनकी पूरी याचिका खारिज कर दी थी, इसलिए उनके पास जवाब देने के लिए कुछ था ही नहीं। आश्चर्य की बात है कि पहले नोटिस का जवाब नहीं दे रहे हैं और दूसरे नोटिस का जवाब दे रहे हैं।" उन्होंने आगे कहा कि दूसरे नोटिस का जवाब भी वैसा ही है जैसा हाईकोर्ट ने मालवणी पुलिस के बारे में कहा था कि "जवाब कई और सवाल खड़े करता है।"

ठाकरे ने अपने जवाब में कहा था कि वह दिशा को नहीं जानते थे और उनकी पोस्ट सतीश सालियान को बदनाम करने के लिए नहीं, बल्कि उन लोगों के खिलाफ थी जो राजनीतिक रूप से प्रेरित होकर उन्हें बदनाम कर रहे थे। इस पर ओझा ने कहा, "उन्हें बिल्कुल अधिकार है, लेकिन उनके पास सबूत होना चाहिए। उन्होंने किसी भी बात का जवाब नहीं दिया है; उनका जवाब सिर्फ शब्दों की बाजीगरी है।"

मोबाइल लोकेशन और अन्य आरोप

वकील ने हाईकोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि अदालत ने भी माना था कि मुंबई पुलिस ने पिछली सरकार के समय मामले में फर्जीवाड़ा किया। उन्होंने सीधे तौर पर ठाकरे से पूछा, "आप आज तक यह क्यों नहीं बता रहे हैं कि उस दिन आपकी मोबाइल टावर लोकेशन कहां थी? ...आप मंत्री हैं, आपके साथ सरकारी बॉडीगार्ड रहते हैं तो उस समय आपका पूरा मूवमेंट रजिस्टर वगैरह रहता है, तो आप अपनी मोबाइल टावर लोकेशन बता दीजिए।"

ओझा ने यह भी कहा कि नारकोटिक्स ब्यूरो के एक मामले (क्राइम नंबर 15/2020) में ड्रग्स के कारोबार में ठाकरे की संलिप्तता की बात सामने आई थी, लेकिन इस पर भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →