न्यूयॉर्क में घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध: भारतीय किशोर की याद में पारित हुआ 'रोमांच लॉ'
न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल ने घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने वाला एक ऐतिहासिक कानून पारित किया है, जिसे 'रोमांच लॉ' नाम दिया गया है। यह कानून उस भारतीय किशोर पर्यटक रोमांच महाजन को श्रद्धांजलि है…
न्यूयॉर्क सिटी काउंसिल ने घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने वाला एक ऐतिहासिक कानून पारित किया है, जिसे 'रोमांच लॉ' नाम दिया गया है। यह कानून उस भारतीय किशोर पर्यटक रोमांच महाजन को श्रद्धांजलि है, जिसकी इसी साल जून में सेंट्रल पार्क में एक घोड़ा-गाड़ी दुर्घटना में दुखद मृत्यु हो गई थी। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुरुवार को पारित इस बिल को अब मेयर जोहरान ममदानी के पास हस्ताक्षर के लिए भेजा जाएगा।
यह हादसा तब हुआ जब रोमांच महाजन अपने परिवार के साथ सेंट्रल पार्क घूम रहे थे। जब ड्राइवर उनकी तस्वीर लेने के लिए रुका, तो घोड़ा अचानक बिदक कर भागने लगा, जिससे गाड़ी पलट गई। अपनी माँ प्रिया महाजन को गिरते देख उन्हें बचाने के लिए रोमांच गाड़ी से कूदे, लेकिन उनका सिर ज़मीन से टकरा गया। बाद में अस्पताल में उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। रोमांच ने पठानकोट के मामून स्थित एंजल्स पब्लिक स्कूल से 12वीं की पढ़ाई पूरी की थी और अपने माता-पिता व भाई के साथ न्यूयॉर्क घूमने आए थे।
कानून के पक्ष में भावनात्मक अपील
कानून पारित होने से पहले, रोमांच के चाचा गौरव महाजन ने सिटी हॉल के बाहर एक रैली में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, "सच्चा न्याय तभी होगा, जब यह माना जाए कि ये शांत और शानदार घोड़े भीड़भाड़ वाली सड़कों और खतरनाक ट्रैफिक में रहने के लिए नहीं बने हैं।" उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा, "रोमांच के माता-पिता और उसके भाई की ओर से मैं न्यूयॉर्क के लोगों से एक आखिरी विनती करता हूं कि कृपया रोमांच को मत भूलिए।"
अब आगे क्या होगा?
सिटी काउंसिल की स्पीकर जूली मेनिन ने इस कदम को पशु कल्याण और सार्वजनिक सुरक्षा के प्रति काउंसिल की प्रतिबद्धता बताया। इस बिल को काउंसिल में इतना ज़बरदस्त समर्थन मिला है कि अगर मेयर जोहरान ममदानी इस पर वीटो का इस्तेमाल करते भी हैं, तो भी यह कानून बन जाएगा। गौरतलब है कि पशु अधिकार कार्यकर्ता कई वर्षों से इन घोड़ा-गाड़ियों पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे थे, जिसका गाड़ी मालिक और ड्राइवर यूनियनें विरोध करती रही हैं। रोमांच की दुखद मौत इस कानून के पारित होने में एक निर्णायक मोड़ साबित हुई।
इनपुट: IANS



