महाराष्ट्र: मेडिकल जांच के दौरान आरोपी ने महिला डॉक्टर को मारा थप्पड़, डॉक्टरों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
महाराष्ट्र के वर्धा जिले से डॉक्टरों पर हमले की एक और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, पुलिस हिरासत में मौजूद एक आरोपी ने मेडिकल जांच के दौरान ड्यूटी पर तैना…
महाराष्ट्र के वर्धा जिले से डॉक्टरों पर हमले की एक और परेशान करने वाली घटना सामने आई है। यहां एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में, पुलिस हिरासत में मौजूद एक आरोपी ने मेडिकल जांच के दौरान ड्यूटी पर तैनात महिला डॉक्टर को थप्पड़ जड़ दिया। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला वर्धा के तलेगांव (शामजी) स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) का है। आरोपी कादिर अली रज्जाक को अदालत में पेशी से पहले मेडिकल जांच के लिए लाया गया था। उसके साथ पांच पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। जांच के दौरान ही आरोपी गुस्से में आ गया और उसने महिला डॉक्टर पर हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया नया मामला
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने आरोपी कादिर अली को काबू में कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ सरकारी कर्मचारी पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने की धाराओं के तहत एक अलग मामला दर्ज किया है। इस घटना के बाद वर्धा के डॉक्टरों और स्थानीय मेडिकल एसोसिएशन ने कड़ी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ स्वास्थ्य केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
पहले भी हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
यह कोई पहली बार नहीं है जब राज्य में डॉक्टरों के साथ दुर्व्यवहार का मामला सामने आया हो। पिछले महीने ही पालघर के एक अस्पताल में दही हांडी उत्सव के दौरान घायल हुए लोगों के इलाज के समय डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के साथ बदसलूकी की घटना हुई थी।
उस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने इसे "बेहद दुर्भाग्यपूर्ण" बताया था। उन्होंने कहा था, "यदि किसी मरीज के इलाज को लेकर कोई शिकायत थी तो कानूनी रास्ता अपनाया जाना चाहिए था। कानून को अपने हाथ में लेना गलत है और शिवसेना ऐसे कृत्यों का समर्थन नहीं करेगी।" इस मामले में शिंदे ने शिवसेना के पालघर शहर प्रमुख राहुल घरत को पार्टी से निलंबित कर दिया था।
इनपुट: IANS



